Bihar crime: दोस्तों के साथ पूजा पंडाल जा रहे युवक को मारी गोली, भोजपुर पुलिस जांच में जुटी

Bihar crime: भोजपुर के पवना बाजार में बाइक सवार अपराधियों ने शांतनु सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी। युवक दोस्तों के साथ दुर्गा पूजा पंडाल देखने निकला था। पुलिस जांच में जुटी है।

Bihar crime: बिहार के भोजपुर जिले में अपराधियों ने एक बार फिर गोली मारकर हत्या की घटना को अंजाम दिया है। पवना थाना क्षेत्र के पवना बाजार में बाइक सवार अपराधियों ने एक युवक को गोली मार दी। गंभीर हालत में उसे आरा के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।


मृतक की पहचान अजीमाबाद थाना क्षेत्र के बड़ागांव निवासी शांतनु सिंह के रूप में हुई है। उनके पिता का नाम कुंदन सिंह बताया गया है। परिजनों के अनुसार, शांतनु अपने दोस्तों के साथ दुर्गा पूजा का पंडाल देखने निकले थे। इसी दौरान बाइक पर सवार अपराधी पीछे से पहुंचे और उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।


दोस्तों के साथ पूजा पंडाल देखने निकले थे शांतनु


मृतक के मौसेरे भाई साहिल कुमार ने बताया कि वे लोग दोस्तों के साथ पवना बाजार में दुर्गा पूजा का पंडाल देखने जा रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार अपराधियों ने पीछे से आकर शांतनु को गोली मार दी। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए आरा के निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। साहिल कुमार के मुताबिक, शांतनु का किसी से पहले से कोई विवाद नहीं था। हालांकि, हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।


गश्त के दौरान पुलिस को मिली गोली चलने की सूचना


पवना थाने की सब-इंस्पेक्टर मंजू कुमारी ने बताया कि पुलिस टीम गश्त पर थी। इसी दौरान गोली चलने की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल ले जाने में मदद की। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


भोजपुर में 24 घंटे के भीतर दूसरी हत्या


इस घटना से एक दिन पहले भोजपुर जिले में रिटायर्ड कस्टम अधिकारी रामकुमार सिंह की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उस घटना के 24 घंटे के भीतर पवना बाजार में युवक की हत्या से जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। फिलहाल पुलिस शांतनु सिंह की हत्या के पीछे की वजह और आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।

भोजपुर से आशीष की रिपोर्ट