Bhojpur fight: भोजपुर में नाच कार्यक्रम के दौरान भिड़े दो गुट, 11 घायल होने से इलाके में तनाव
Bhojpur fight: भोजपुर के सोहरा गांव में नाच कार्यक्रम के दौरान विवाद के बाद दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। घटना में 11 लोग घायल हो गए, पुलिस जांच में जुटी।
Bhojpur fight: भोजपुर जिले के सोहरा गांव में नाच कार्यक्रम के दौरान शुरू हुआ विवाद बाद में हिंसक झड़प में बदल गया। दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में कुल 11 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना कृष्णागढ़ थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। घायलों में एक पक्ष के श्री चौधरी (62), उनके बेटे नंदजी चौधरी (32), राजू चौधरी (23), दिलीप चौधरी (26) और मुन्ना चौधरी (18) शामिल हैं। वहीं दूसरे पक्ष से राम सिंगार बिंद (60), मंडल बिंद (55), नीतीश कुमार (18), राम अयोध्या राम (22), सत्यम कुमार (23) और संजीत कुमार (18) घायल हुए हैं।
दूसरे पक्ष के सत्यम कुमार ने बताया कि 13 मई को उनकी चचेरी बहन की शादी थी और उसी दौरान गांव में नाच कार्यक्रम रखा गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्यक्रम के दौरान मुन्ना अपने साथियों के साथ पहुंचा और हंगामा करने लगा। जब इसका विरोध किया गया तो उसने धमकी दी। सत्यम के अनुसार शुक्रवार को मुन्ना ने फोन करके उसे बुलाया और फिर उसके साथ मारपीट की गई। बाद में जब परिवार वाले बात करने पहुंचे तो उन पर लाठी, डंडे और लोहे की रॉड से हमला कर दिया गया।
नाच कार्यक्रम के दौरान विवाद
दूसरे पक्ष के मुन्ना चौधरी ने बताया कि गांव में चल रहे नाच कार्यक्रम के दौरान पहले से चले आ रहे विवाद को लेकर झगड़ा हुआ। उनका कहना है कि कुछ दिन पहले सत्यम के दोस्तों से उनका विवाद हुआ था। नाच देखने के दौरान सत्यम ने उनके साथ मारपीट की थी। उसी बात को लेकर बाद में सत्यम अपने परिवार के लोगों के साथ उनके घर पहुंच गया और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। घटना के बाद दोनों पक्षों ने कृष्णागढ़ थाना में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों पक्षों के घायल लोगों को अपनी निगरानी में इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
आरा से आशीष की रिपोर्ट