Bhojpur Crime: भोजपुर के गांव में पुरानी रंजिश में चली गोलियां, किसान घायल, एक आरोपी गिरफ्तार

Bhojpur Crime: भोजपुर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के पीलापुर गांव में पुरानी दुश्मनी को लेकर गोलीबारी हुई। किसान सरोज यादव को दो गोलियां लगीं। पुलिस ने एक आरोपी को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया।

भोजपुर के गांव में गोलीबारी!- फोटो : news4nation

Bhojpur Crime: भोजपुर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के पीलापुर गांव में गुरुवार की शाम पुरानी दुश्मनी और वर्चस्व की लड़ाई को लेकर गोलीबारी की घटना सामने आई। इस घटना में गांव के किसान सरोज यादव उर्फ रामलड्डू यादव को दो गोलियां लग गईं। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया है। घायल किसान का इलाज आरा के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।

जानकारी के अनुसार सरोज यादव गांव में ही मौजूद थे। उसी दौरान विरोधी पक्ष के लोगों ने उन पर अचानक गोली चला दी। इस हमले में उन्हें एक गोली सीने के पास कांख के पास लगी जबकि दूसरी गोली उनकी कलाई में लगी। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़े और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। परिवार और ग्रामीणों ने तुरंत उन्हें इलाज के लिए आरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।

डॉक्टरों ने ऑपरेशन किया

डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर उनके शरीर से दोनों गोलियां निकाल दी हैं। अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल उनकी हालत पहले से बेहतर है और उन्हें खतरे से बाहर बताया जा रहा है, लेकिन अभी भी डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।पुलिस की जांच में सामने आया है कि इस घटना के पीछे करीब डेढ़ से दो साल पुराना विवाद है। पहले भी दोनों पक्षों के बीच मारपीट की घटना हो चुकी थी। उस समय पुलिस में मामला दर्ज हुआ था और आरोपी पक्ष के कुछ लोग जेल भी गए थे। जेल से बाहर आने के बाद से ही दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था। इसी पुरानी दुश्मनी ने गुरुवार को हिंसक रूप ले लिया और गोलीबारी की घटना हो गई।

जगदीशपुर के डीएसपी का बयान

जगदीशपुर के डीएसपी राजेश शर्मा और थाना प्रभारी सुशांत मंडल के नेतृत्व में पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को अवैध देशी कट्टे के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार झड़प के दौरान गोली चलाने वाले आरोपी को भी चोट आई है। बताया जा रहा है कि हाथापाई और ग्रामीणों के विरोध के दौरान वह घायल हुआ और मौके से फरार हो गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और गांव में शांति बनाए रखने के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है। 

आरा से आशीष की रिपोर्ट