Bhojpur News:सूखा नशा का विरोध करने पर हेरोइन तस्करों ने 48 वर्षीय व्यक्ति को मारी गोली, थाना में बैठक के बाद निशाने पर आए जफ्फी

बिहार के भोजपुर में नशा तस्करों का दुस्साहस, गड़हनी में हेरोइन कारोबार का विरोध करने और पुलिस की बैठक में शामिल होने पर 48 वर्षीय मोहम्मद जफ्फी को गोली मार दी गई।परिजनों ने इलाके के सूखा नशा तस्करों पर लगाया गंभीर आरोप।

भोजपुर में सूखा नशा का विरोध करने पर खूनी वारदात- फोटो : Reporter

भोजपुर जिले के गड़हनी थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 4 में नशीले पदार्थों के खिलाफ आवाज उठाने वाले 48 वर्षीय मोहम्मद जफ्फी को बेखौफ अपराधियों ने गोली मार दी। घायल मोहम्मद जफ्फी गड़हनी के निवासी और मोहम्मद इस्लाम के पुत्र हैं। घटना के अचानक घटित होने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जिसके बाद खून से लथपथ अवस्था में उन्हें तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।


हेरोइन कारोबार का विरोध करने पर वारदात को दिया गया अंजाम

घटना के संबंध में पीड़ित के चचेरे भाई ने आरोप लगाया है कि मोहल्ले में बड़े पैमाने पर चल रहे अवैध हेरोइन के कारोबार के खिलाफ मोहम्मद जफ्फी लगातार मुखर थे। वे इलाके में युवाओं को नशे की गर्त में धकेल रहे नशा तस्करों का खुलकर विरोध कर रहे थे और इस अवैध धंधे को पूरी तरह बंद कराने की मुहिम में जुटे हुए थे। इसी रंजिश के कारण नशे के सौदागरों ने उन्हें निशाना बनाया है।


थाना स्तर की बैठक में शामिल होने के बाद से निशाने पर थे जफ्फी

परिजन के अनुसार, हाल ही में चरपोखरी थाना परिसर में सूखा नशा और अवैध मादक पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई थी। इस बैठक में मोहम्मद जफ्फी ने सक्रिय रूप से भाग लिया था और पुलिस-प्रशासन के समक्ष तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी। परिजनों का दावा है कि पुलिसिया बैठक में शामिल होने और तस्करों की पोल खोलने की वजह से ही अपराधियों ने इस खूनी वारदात को अंजाम दिया है।


पुलिस जांच में जुटी, आरोपियों की तलाश तेज

गोलीबारी की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की तफ्तीश में जुट गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़ित का इलाज कराया जा रहा है और घटना के पीछे के वास्तविक कारणों की गहनता से पड़ताल की जा रही है। घटना में शामिल सभी संदिग्धों और नशा कारोबारियों की पहचान के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और दावा किया है कि जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

भोजपुर से आशीष श्रीवास्तव की रिपोर्ट