Bhojpur Accident: भोजपुर में दर्दनाक सड़क हादसा, स्वर्ण व्यवसायी की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

Bhojpur Accident: भोजपुर के शाहपुर में सड़क हादसे में स्वर्ण व्यवसायी त्रिलोकी प्रसाद की मौत हो गई। तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से हुआ हादसा, परिवार में मातम।

तेज रफ्तार बाइक ने ली कारोबारी की जान- फोटो : news4nation

Bhojpur Accident: भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में एक स्वर्ण व्यवसायी की मौत हो गई। यह हादसा शाहपुर पश्चिमी पोखरा के पास हुआ। मृतक की पहचान शाहपुर वार्ड नंबर 11 निवासी 65 वर्षीय त्रिलोकी प्रसाद के रूप में हुई है। वह गणेश प्रसाद के पुत्र थे।मृतक के बेटे ने बताया कि त्रिलोकी प्रसाद घर के एक सदस्य के साथ कहीं जा रहे थे। इसी दौरान शाहपुर पोखरा के पास उनकी गाड़ी रुकी थी। वह गाड़ी से उतर ही रहे थे कि पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीण तुरंत उन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने के बाद शाहपुर थाना की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेज दिया। इस हादसे की खबर मिलते ही मृतक के घर में मातम छा गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। इलाके में भी इस घटना के बाद दुख का माहौल बना हुआ है।

भोजपुर आरा आशीष कुमार