Bihar Politics: भोजपुर में JDU का शक्ति प्रदर्शन, हजारों समर्थकों के साथ कृष्ण बिहारी सिंह पार्टी होंगे शामिल
Bihar Politics: जनता दल यूनाइटेड का बड़ा राजनीतिक कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। ...
Bihar Politics: भोजपुर जिले में जनता दल यूनाइटेड का बड़ा राजनीतिक कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। आरा शहर के धनुपरा स्थित एक रिसॉर्ट में फरक्का जलसंधि एवं नीतीश संवाद को लेकर आयोजित कार्यक्रम में जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा और प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा समेत पार्टी के कई बड़े नेता शामिल होंगे। कार्यक्रम को लेकर जदयू कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
इस आयोजन का सबसे बड़ा सियासी आकर्षण भोजपुर के कद्दावर नेता माने जाने वाले कृष्ण बिहारी सिंह उर्फ तेज नारायण यादव का जदयू में शामिल होना है। लोक जनशक्ति पार्टी के पारस गुट के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष रहे कृष्ण बिहारी सिंह अपने हजारों समर्थकों के साथ जदयू की सदस्यता ग्रहण कर रहे हैं।
जदयू में शामिल होने के लिए कृष्ण बिहारी सिंह सैकड़ों गाड़ियों के काफिले के साथ कार्यक्रम स्थल की ओर रवाना हुए। उनके साथ बड़ी संख्या में समर्थक भी मौजूद रहे। इस दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
कृष्ण बिहारी सिंह ने जदयू में शामिल होने के फैसले को लेकर कहा कि उनकी नीतीश कुमार के प्रति काफी पहले से गहरी आस्था रही है। उन्होंने नीतीश कुमार को देश का सर्वोच्च नेता बताते हुए कहा कि उनके साथ हुई मुलाकात के दौरान नीतीश कुमार ने उन्हें जदयू में शामिल होकर पार्टी के सिद्धांतों को आगे बढ़ाने की अपील की थी।कृष्ण बिहारी सिंह के मुताबिक, नीतीश कुमार की अपील और उनके कार्यों से प्रभावित होकर उन्होंने जदयू में शामिल होने का फैसला किया। उन्होंने कहा कि अब वह पार्टी के एक सिपाही और कार्यकर्ता के तौर पर संगठन के सिद्धांतों को आगे बढ़ाएंगे।उन्होंने कहा कि पार्टी की ओर से उन्हें जो भी जिम्मेदारी दी जाएगी, उसका पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करेंगे। साथ ही नीतीश कुमार द्वारा किए गए कार्यों और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का काम करेंगे।
धनुपरा स्थित रिसॉर्ट में आयोजित कार्यक्रम को लेकर जदयू कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी और कृष्ण बिहारी सिंह के समर्थकों के साथ जदयू में शामिल होने से भोजपुर की सियासत में इस कार्यक्रम को अहम माना जा रहा है।
हजारों समर्थकों की मौजूदगी और सैकड़ों वाहनों के काफिले के बीच होने वाली यह सियासी एंट्री जदयू के लिए भोजपुर में संगठनात्मक मजबूती के तौर पर देखी जा रही है। हालांकि, आने वाले दिनों में इस राजनीतिक घटनाक्रम का स्थानीय सियासत पर कितना असर पड़ता है, यह देखने वाली बात होगी।
रिपोर्ट- आशीष कुमार