एम्बुलेंस बनी शराब ढोने की गाड़ी: हरियाणा से बिहार ला रहे थे 5 लाख की शराब, 3 गिरफ्तार
भोजपुर उत्पाद विभाग ने बक्सर-पटना फोरलेन पर मारुति ईको एम्बुलेंस के गुप्त तहखाने में छिपाई गई 388 लीटर हरियाणा निर्मित विदेशी शराब जब्त की। तीन तस्कर गिरफ्तार।
भोजपुर जिले में मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए टीम ने एक मारुति सुजुकी ईको एम्बुलेंस से 388.800 लीटर विदेशी शराब जब्त की है। एम्बुलेंस के अंदर विशेष रूप से गुप्त तहखाना बनाकर हरियाणा से यह खेप पटना ले जाई जा रही थी। मौके से तीन शराब तस्करों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की गई है।
गुप्त सूचना के आधार पर फोरलेन पर नाकेबंदी कर पकड़ा गया वाहन
भोजपुर के जिलाधिकारी मनेश कुमार मीणा के निर्देश पर जिले में चलाए जा रहे जांच अभियान के तहत उत्पाद विभाग के सहायक आयुक्त रजनीश को शराब तस्करी की गुप्त जानकारी मिली थी। इसके बाद निरीक्षक प्रकाश चन्द्र के नेतृत्व में गठित टीम ने आरा मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बक्सर-पटना फोरलेन स्थित रतनपुर यात्री शेड के समीप नाकेबंदी की। 11 सितंबर 2026 को संदिग्ध स्थिति में पहुंची एम्बुलेंस (UP23T-7851) को रोककर जब गहन तलाशी ली गई तो अंदर बने गुप्त तहखाने का खुलासा हुआ।
5 लाख रुपये मूल्य की 2,160 बोतलें जब्त, हरियाणा के तीन आरोपी गिरफ्तार
एम्बुलेंस के गुप्त तहखाने से ब्लू स्टोक व्हिस्की की 1,632 बोतलें और ओल्ड हैबिट व्हिस्की की 528 बोतलें (कुल 2,160 बोतलें) बरामद की गईं, जिनका कुल बाजार मूल्य लगभग 5 लाख रुपये आंका गया है। मामले में हरियाणा के रोहतक जिले के निवासी एम्बुलेंस चालक अजय, दिनेश और गोपाल को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के बाद तीनों तस्करों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
तस्करी के खिलाफ जारी रहेगा उत्पाद विभाग का सख्त अभियान
इस सफल छापेमारी टीम में निरीक्षक प्रकाश चन्द्र, अवर निरीक्षक शिवम कुमार झा और सहायक अवर निरीक्षक राजकुमार राजा समेत सैप व होमगार्ड के जवान शामिल थे। उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि आपातकालीन वाहनों और नए हथकंडों के जरिए की जा रही शराब तस्करी पर कड़ी नजर रखी जा रही है। जिले में अवैध शराब नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए वाहन जांच और छापेमारी अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।
भोजपुर से आशीष की रिपोर्ट