Bihar Crime: तेज बाइक चलाने से रोका तो घर में घुसकर मारी गोली, युवक की हालत गंभीर

Bihar Crime:बाइक तेज गति से चलाने से मना करना एक युवक को भारी पड़ गया।

युवक को मारी गोली - फोटो : ASHISH

ARA : भोजपुर जिले के गड़हनी थाना क्षेत्र के लसाड़ी गांव में बाइक तेज गति से चलाने से मना करना एक युवक को भारी पड़ गया। आरोप है कि इसी बात से नाराज दो युवक दिनदहाड़े उसके घर में घुस गए और युवक को गोली मारकर फरार हो गए। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया, जिसे इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घायल युवक की पहचान जितेन्द्र कुमार (30 वर्ष), पिता रमेश सिंह, निवासी लसाड़ी गांव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गांव की गली में छोटे-छोटे बच्चे खेलते हैं और बुजुर्गों का भी लगातार आना-जाना रहता है। इसी वजह से जितेन्द्र कुमार ने गली में तेज रफ्तार से बाइक चलाने का विरोध किया था।

आरोप है कि इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। इसके बाद दो युवक दिनदहाड़े जितेन्द्र के घर में घुस गए और उस पर गोली चला दी। गोली लगते ही युवक गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल कायम हो गया।परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल जितेन्द्र को आनन-फानन में आरा सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही गड़हनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की तफ्तीश शुरू कर दी। पुलिस आरोपित युवकों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है। गोलीबारी के पीछे की पूरी वजह और आरोपितों की भूमिका पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

रिपोर्टर आशीष कुमार