Bhojpur Crime: भोजपुर में बाइक की मांग बनी विवाहिता की मौत की वजह? पति-ससुराल पर हत्या का आरोप
Bhojpur Crime: भोजपुर में विवाहिता बुचन कुमारी की मौत कर दी गई है। इस मामले में मायके पक्ष ने पति और ससुराल वालों पर दहेज में बाइक की मांग को लेकर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है।
Bhojpur Crime: भोजपुर जिले में एक विवाहिता की गला दबाकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मायके वालों ने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज में बाइक नहीं मिलने के कारण हत्या करने का आरोप लगाया है। मृतका की पहचान बड़हरा थाना क्षेत्र के छपरापर गांव निवासी प्रेम कुमार की पत्नी बुचन कुमारी (24) के रूप में हुई है।
मृतका की मां मीरा देवी ने बताया कि उनकी बेटी की शादी साल 2024 में हुई थी। शादी में अपनी हैसियत के अनुसार दहेज दिया गया था। उन्होंने बताया कि बेटी को सोने की चेन, कूलर, फ्रिज, बर्तन, मिक्सर मशीन और नकद पैसे दिए गए थे। इसके बावजूद ससुराल वाले लगातार बाइक की मांग कर रहे थे। परिवार ने उनसे कहा था कि फिलहाल उनके पास पूरे पैसे नहीं हैं, लेकिन जब बाइक खरीदी जाएगी तो वे कुछ मदद कर देंगे। इसके बाद भी ससुराल वाले पूरा पैसा मांगते रहे।
बेटी के साथ मारपीट शुरू
मीरा देवी ने बताया कि शादी के करीब छह महीने बाद से ही उनकी बेटी के साथ मारपीट शुरू हो गई थी। उनका आरोप है कि दामाद की मां और भाभी उसे उकसाती थीं और फिर बेटी को पीटा जाता था। उन्होंने कहा कि करीब पंद्रह दिन पहले दामाद ने उनके बेटे भोला को फोन कर बाइक खरीदने के लिए पैसे मांगे थे। परिवार ने किसी तरह 15 हजार रुपये दिए थे, लेकिन इसके बाद भी बेटी के साथ मारपीट बंद नहीं हुई।
मां ने बेटी के बारे में क्या?
मां के मुताबिक, दो दिन पहले बुचन कुमारी ने फोन पर कहा था कि अब उसका उस घर में रहने का मन नहीं कर रहा है। उसने कहा था कि उसे वहां बहुत परेशान किया जा रहा है और दिन-रात मारपीट होती है। उसने मायके वालों से आकर उसे ले जाने की बात कही थी। गुरुवार देर शाम मृतका के पति ने फोन कर कहा कि आपकी बेटी ने फांसी लगा ली है और उसकी हालत गंभीर है। यह खबर सुनने के बाद परिवार के लोग तुरंत ससुराल पहुंचे, लेकिन वहां कोई मौजूद नहीं था। फोन करने पर बताया गया कि उसे पटना ले जाया जा रहा है। परिवार का आरोप है कि करीब पांच घंटे तक उन्हें अलग-अलग बातें कहकर टालते रहे। बाद में पता चला कि बुचन कुमारी को आरा शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृतका के मुंह में ऑक्सीजन लगी हुई थी
परिजन जब अस्पताल पहुंचे तो उन्होंने देखा कि मृतका के मुंह में ऑक्सीजन लगी हुई थी, लेकिन शरीर में कोई हरकत नहीं थी। परिवार का कहना है कि उसकी मौत पहले ही हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने परिजनों का बयान दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
आरा से आशीष तती की रिपोर्ट