Bhojpur News: चरपोखरी में हथियारबंद गिरोह का पर्दाफाश,चोरी की ब्रेजा कार 2 लोडेड पिस्तौल के साथ 3 गिरफ्तार

भोजपुर के चरपोखरी थाना पुलिस ने बगाड़ मोड़ के पास वाहन चेकिंग के दौरान चोरी की ब्रेजा कार से 2 लोडेड देसी पिस्टल बरामद किए हैं। मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है जबकि 1 विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया है।

भोजपुर में अवैध हथियार और चोरी की ब्रेजा कार के साथ 3 गिरफ्तार- फोटो : Reporter

भोजपुर जिले में अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत चरपोखरी थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। 28 अगस्त 2026 की शाम गश्ती के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मनलुआना की ओर से एक उजले रंग की चारपहिया वाहन में सवार कुछ हथियारबंद अपराधी गड़हनी की तरफ जा रहे हैं। सूचना के आधार पर भोजपुर एसपी के निर्देश पर पीरो एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने बगाड़ मोड़ के पास सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाकर अपराधियों को दबोच लिया।


घेराबंदी कर पुलिस ने भगाने की कोशिश को किया नाकाम

चेकिंग के दौरान मनलुआना की तरफ से आ रही तेज रफ्तार उजले रंग की ब्रेजा कार को पुलिस टीम ने रुकने का इशारा किया। पुलिस बल को देखते ही चालक ने वाहन भगाकर भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद पुलिस टीम ने चारों तरफ से घेराबंदी कर कार को मौके पर ही रोक लिया। तलाशी लेने पर कार चालक अंकित कुमार राय की सीट के नीचे रखे गमछे से दो लोडेड देसी पिस्टल बरामद किए गए, जिन्हें पुलिस ने तुरंत जब्त कर लिया।


चोरी की ब्रेजा कार समेत तीन गिरफ्तार और एक बालक निरुद्ध

कार (रजिस्ट्रेशन नंबर UP60BD 0612) और बरामद हथियारों के संबंध में जब आरोपियों से कागजात मांगे गए, तो वे कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और मामले में संलिप्त एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया। पुलिस ने चोरी की आशंका में ब्रेजा कार को भी जब्त कर लिया है।


विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज, पुलिस की आगे की कार्रवाई जारी

चरपोखरी थाना पुलिस ने इस संबंध में कांड संख्या-195/26 दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 61(2), 317(4) और आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-b)a/26/35 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास को खंगालने और इस गिरोह के अन्य नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।

भोजपुर से आशीष श्रीवास्तव की रिपोर्ट