Bihar News : भोजपुर पुलिस ने कुख्यात संजीत उर्फ करिया यादव सहित दो को किया गिरफ्तार, हथियार और मादक पदार्थ किया बरामद

Bihar News : भोजपुर पुलिस ने कुख्यात और आदतन अपराधी संजीत यादव उर्फ करिया यादव को एक अवैध पिस्टल, चार जिंदा कारतूस और गांजे के साथ गिरफ्तार किया है।

कुख्यात अपराधी गिरफ्तार - फोटो : ASHISH

ARA : भोजपुर जिले में अपराध एवं मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत भोजपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बिहिया थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए कुख्यात एवं आदतन अपराधी संजीत यादव उर्फ करिया यादव को एक अवैध पिस्टल और चार जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। वहीं, उसकी निशानदेही पर पुलिस ने गांजा की खरीद-बिक्री करने वाले एक अन्य आरोपित अवध बिहारी प्रसाद को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपितों के पास से कुल 176.45 ग्राम गांजा जैसा मादक पदार्थ बरामद किया है।

मंदिर के पास वारदात की फिराक में बैठा था अपराधी

मिली जानकरी के मुताबिक 4 नवंबर को बिहिया थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कटेया गांव निवासी संजीत यादव उर्फ करिया यादव रूपबांध जाने वाली कच्ची सड़क के किनारे स्थित मंदिर के पास अवैध हथियार लेकर किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में बैठा है। सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों को अवगत कराते हुए बिहिया थाना पुलिस की टीम ने त्वरित कार्रवाई की। पुलिस टीम को देखते ही वहां मौजूद एक व्यक्ति भागने लगा। भागने के दौरान उसने कमर से हथियार निकालकर धान के खेत में फेंक दिया। हालांकि, पुलिस बल के सहयोग से उसे खदेड़कर पकड़ लिया गया।

पिस्टल और चार कारतूस बरामद

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपित ने अपना नाम संजीत यादव उर्फ करिया यादव, उम्र 28 वर्ष, पिता राजनाथ यादव, निवासी कटेया, थाना बिहिया, जिला भोजपुर बताया। उसकी निशानदेही पर धान के खेत से एक पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए। तलाशी के दौरान उसके पास से 5.75 ग्राम गांजा जैसा मादक पदार्थ भी मिला। मादक पदार्थ के स्रोत के संबंध में पूछताछ करने पर उसने बताया कि वह कटेया निवासी अवध बिहारी प्रसाद से गांजा खरीदता था। इसके बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर अवध बिहारी प्रसाद की दुकान में छापेमारी की। वहां से 170.7 ग्राम गांजा जैसा मादक पदार्थ बरामद किया गया और दुकानदार को गिरफ्तार कर लिया गया।

पहले से दर्ज हैं कई आपराधिक मामले

पुलिस के अनुसार, संजीत यादव उर्फ करिया यादव का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध बिहिया थाने में वर्ष 2018, 2019 और 2025 के दौरान हत्या के प्रयास, मारपीट, आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में चार मामले दर्ज हैं। इस मामले में बिहिया थाना कांड संख्या 382/26, दिनांक 4 नवंबर 2026 के तहत आर्म्स एक्ट एवं एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। भोजपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध हथियार रखने वालों, आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों और मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री करने वालों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।

आशीष की रिपोर्ट