Bihar Crime:शराब तस्करी का बड़ा खेल बेनकाब, ट्रक के गुप्त तहखाने से 45 लाख की विदेशी शराब बरामद

Bihar Crime:जांच के दौरान छह चक्का डीसीएम ट्रक के भीतर बनाए गए गुप्त तहखाने से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद की गई।

45 लाख की विदेशी शराब बरामद- फोटो : ASHISH

ARA: बिहार में शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए चलाए जा रहे अभियान के बीच भोजपुर जिले में मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग को बड़ी कामयाबी मिली है। बिहियां चौरास्ता मुख्य मार्ग पर जांच के दौरान छह चक्का डीसीएम ट्रक के भीतर बनाए गए गुप्त तहखाने से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद की गई। जब्त शराब की अनुमानित बाजार कीमत करीब 45 लाख रुपये बताई गई है। इस कार्रवाई में दिल्ली और हरियाणा के दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस और उत्पाद विभाग अब शराब की इस खेप के पीछे सक्रिय तस्करी नेटवर्क का पता लगाने में जुटे हैं।

विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, दशहरा पर्व को देखते हुए भोजपुर के जिला पदाधिकारी के निर्देश पर अवैध शराब के खिलाफ छापेमारी और वाहन जांच अभियान तेज किया गया है। इसी दौरान सहायक आयुक्त मद्यनिषेध रजनीश को गुप्त सूचना मिली कि एक ट्रक के जरिए भारी मात्रा में विदेशी शराब बिहार लाई जा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए निरीक्षक अनिल कुमार के नेतृत्व में छापेमारी दल गठित किया गया।

19 अक्टूबर 2026 को मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग, भोजपुर और राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो की संयुक्त टीम ने बिहियां थाना क्षेत्र के बिहियां चौरास्ता मुख्य मार्ग पर यूपी नंबर UP86AT-1928 वाले छह चक्का डीसीएम ट्रक को रोका। तलाशी के दौरान ट्रक में बने गुप्त तहखाने का खुलासा हुआ, जिसमें शराब की बोतलें छिपाकर रखी गई थीं।विभाग के मुताबिक, ट्रक से इम्पीरियल ब्लू व्हिस्की की कुल 14,040 बोतलें बरामद की गईं। इनमें 180 मिलीलीटर की 9,792 बोतलें, 375 मिलीलीटर की 3,744 बोतलें और 750 मिलीलीटर की 504 बोतलें शामिल हैं। शराब की कुल मात्रा लगभग 3,544.56 लीटर आंकी गई है।

इस मामले में ट्रक चालक कुलवीर सिंह, निवासी नजफगढ़, दक्षिण-पश्चिम दिल्ली और सतीश कुमार, निवासी रोहतक, हरियाणा को गिरफ्तार किया गया है। दोनों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है और उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है।

संयुक्त छापेमारी दल में निरीक्षक अनिल कुमार, सहायक अवर निरीक्षक मदन लाल यादव, सहायक अवर निरीक्षक राणा विकास तथा मद्यनिषेध सिपाही, सैप और गृह रक्षक बल के जवान शामिल थे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

रिपोर्ट- आशीष कुमार