Bihar News : भोजपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो थाना क्षेत्रों से 25 किलो से अधिक गांजा किया बरामद, दो तस्करों को किया गिरफ्तार

Bihar News : भोजपुर पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों से करीब 25.226 किलोग्राम गांजा जैसा मादक पदार्थ बरामद किया है।

गांजा बरामद - फोटो : ASHISH

ARA : बिहार की भोजपुर पुलिस ने जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने आरा नगर और चरपोखरी थाना क्षेत्रों में त्वरित कार्रवाई करते हुए कुल 25.226 किलोग्राम गांजा जैसा नशीला पदार्थ बरामद किया है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री में संलिप्त दो आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 8 सितंबर 2026 को MANAS National Narcotics Helpline के माध्यम से आरा नगर थाना पुलिस को अवैध ड्रग्स के संबंध में गुप्त सूचना मिली थी। वहीं, दूसरी ओर चरपोखरी थाना पुलिस को भी गड़हनी बाजार की एक दुकान में चोरी-छिपे गांजा बेचे जाने की सटीक जानकारी प्राप्त हुई थी। दोनों सूचनाओं के सत्यापन के बाद भोजपुर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में विशेष छापेमारी टीमों का गठन किया गया।

पहली बड़ी कार्रवाई आरा नगर थाना क्षेत्र में हुई, जहां पुलिस टीम ने शिवगंज स्थित शीतल टोला निवासी गणेश कुमार उर्फ खटाई (पिता स्वर्गीय शिवनाथ) के घर पर विधिवत छापेमारी की। घर की तलाशी के दौरान पुलिस को 25.163 किलोग्राम गांजा, दो इलेक्ट्रॉनिक तराजू और पैकिंग सामग्री बरामद हुई। मादक पदार्थों की इस बड़ी खेप के साथ आरोपी गणेश कुमार उर्फ खटाई को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

दूसरी कार्रवाई चरपोखरी थाना पुलिस द्वारा गड़हनी बाजार में की गई। वहां तैनात विशेष छापेमारी टीम ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में स्थानीय निवासी मो. बसीर उर्फ मंगल मियां (पिता मंगरू सिद्दीकी) की दुकान में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान दुकान से छिपाकर रखा गया 63.24 ग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी मो. बसीर को हिरासत में ले लिया।

दोनों अलग-अलग मामलों में संबंधित थानों (आरा नगर एवं चरपोखरी) में एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की गंभीर धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। भोजपुर पुलिस प्रशासन का कहना है कि जिले को नशामुक्त बनाने और अवैध मादक पदार्थों के काले कारोबार को जड़ से समाप्त करने के लिए यह अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।

आशीष की रिपोर्ट