Bihar News : भोजपुर पुलिस ने 29 बोरियों में भरे पांच रुपये के सिक्के किया जब्त, मौके से दो तस्करों को किया गिरफ्तार

Bihar News : भोजपुर पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से भारी मात्रा में 5 रुपये के सिक्के बरामद किए हैं। वहीँ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है.....पढ़िए आगे

भारी मात्रा में सिक्के बरामद - फोटो : ASHISH

ARA : भोजपुर जिले की हसनबाजार थाना पुलिस ने वाहन चेकिंग अभियान के दौरान एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अवैध रूप से ले जाए जा रहे भारी मात्रा में सिक्के जब्त किए हैं। पुलिस ने एक पिकअप वाहन से 5 रुपये के सिक्कों से भरी 29 बोरियां बरामद की हैं। गिने जाने पर इन सिक्कों की कुल कीमत 13 लाख 87 हजार 910 रुपये आंकी गई है। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम हसनबाजार थाना क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों की नियमित चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक पिकअप वाहन को आते देख पुलिस बल ने संदेह के आधार पर उसे रुकने का इशारा किया। वाहन की तलाशी लेने पर पुलिसकर्मियों के होश उड़ गए, जब उसमें अलग-अलग 29 बोरियों में ठूंस-ठूंस कर रखे गए 5 रुपये के सिक्के मिले। पुलिस ने तुरंत सिक्कों के साथ-साथ पिकअप वाहन और अन्य सामग्रियों को अपने कब्जे में ले लिया।

इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से ही पिकअप पर सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान बक्सर जिले के राजपुर थाना अंतर्गत पिपरा निवासी मनोज कुमार गुप्ता (पिता- रामजी साह) और पटना जिले के बिहटा थाना अंतर्गत परेव निवासी जनीश कुमार (पिता- मुन्ना प्रसाद) के रूप में हुई है। पुलिस दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ कर रही है।

मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस ने बताया कि इस संबंध में हसनबाजार थाना कांड संख्या 100/26, दिनांक 05 अक्टूबर 2026 दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इतनी बड़ी मात्रा में सिक्कों की खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां खपाने की योजना थी, पुलिस इन सभी बिंदुओं पर तफ्तीश कर रही है। पुलिस अधिकारी अब बरामद सिक्कों के वास्तविक स्रोत और इन्हें ले जाने के पीछे के मुख्य उद्देश्य व आर्थिक सांठगांठ की पड़ताल में जुटे हैं। पुलिस का मानना है कि इस पूरे मामले के पीछे किसी बड़े गिरोह या अवैध वित्तीय लेन-देन का नेटवर्क शामिल हो सकता है, जिसका जल्द ही खुलासा किया जाएगा।

आशीष की रिपोर्ट