Bhojpur Ganga erosion: भोजपुर में गंगा कटाव पर सरकार का एक्शन! 165 परिवारों के पुनर्वास के लिए टाउनशिप योजना मंजूर

Bhojpur Ganga erosion: भोजपुर के जवईनिया गांव में गंगा कटाव पर समीक्षा की गई। इस दौरान 165 परिवारों को सहायता और पुनर्वास के लिए टाउनशिप योजना मंजूर की गई।

गंगा कटाव पर बड़ा फैसला!- फोटो : news4nation

Bhojpur Ganga erosion: भोजपुर जिले में गंगा नदी के कटाव से प्रभावित लोगों की स्थिति को लेकर प्रशासन ने बड़ी समीक्षा की है। 2 मई 2026 को जिला पदाधिकारी तनय सुल्तानिया की अध्यक्षता में ज़ूम के माध्यम से एक अहम बैठक हुई। यह बैठक शाहपुर प्रखंड के जवईनिया गांव में कटाव से बने हालात और वहां के प्रभावित परिवारों के पुनर्वास को लेकर आयोजित की गई।

बैठक में जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिया कि पुनर्वास का काम तेजी से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन परिवारों को नुकसान हुआ है, उन्हें सरकार की सभी योजनाओं का लाभ बिना देरी के दिया जाए, ताकि वे जल्द सामान्य जीवन में लौट सकें।

घर के नुकसान के लिए सहायता राशि 

प्रशासन की ओर से अब तक 165 प्रभावित परिवारों को घर के नुकसान के लिए प्रति परिवार 1.20 लाख रुपये की सहायता राशि दी जा चुकी है। इसके अलावा 74 ऐसे परिवार, जिनके पास जमीन नहीं थी, उन्हें जमीन का परचा भी दे दिया गया है, ताकि वे अपने लिए नया घर बना सकें। पुनर्वास को स्थायी रूप देने के लिए बिलौटी में चिन्हित जमीन पर टाउनशिप बनाने की मंजूरी भी मिल गई है। इससे आने वाले समय में प्रभावित परिवारों को एक सुरक्षित और स्थायी जगह पर बसाया जा सकेगा।

जिला पदाधिकारी का वाद

जिला पदाधिकारी ने सिर्फ पुनर्वास ही नहीं, बल्कि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने, इस पर भी जोर दिया। उन्होंने फ्लड कंट्रोल डिवीजन को निर्देश दिया कि जवईनिया गांव में गंगा कटाव रोकने के लिए जो बाढ़ सुरक्षा कार्य चल रहा है, उसे तेजी से और प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। इस बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता आपदा, अनुमंडल पदाधिकारी जगदीशपुर, भूमि सुधार उप समाहर्ता, निदेशक NEP और आपदा विभाग के अन्य अधिकारी भी शामिल रहे।

आरा से आशीष की रिपोर्ट