Bihar Road Accident :स्कॉर्पियो ने 9 लोगों को रौंदा, दो की मौत, सात जख्मी, बिहार में रफ्तार का कहर
Bihar Road Accident : तेज रफ्तार एक बेकाबू स्कॉर्पियो ने सड़क पर मौजूद नौ लोगों को अपनी चपेट में ले लिया।...
Bihar Road Accident :भोजपुर जिले में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। बिहिया थाना क्षेत्र के रामडीहरा गांव में एक बेकाबू स्कॉर्पियो ने सड़क पर मौजूद नौ लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि सात लोग जख्मी हो गए। हादसे के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
हादसे में दो सगे भाइयों की मौत
इस हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान रामडीहरा गांव निवासी कमलेश यादव (करीब 48 वर्ष) और दिनेश यादव (करीब 55 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों के पिता का नाम नरेश यादव बताया गया है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक और गम का माहौल है।
सात लोग जख्मी, अस्पताल में चल रहा इलाज
हादसे में घायल लोगों की पहचान रमेश यादव (40 वर्ष), पिता नरेश यादव, मुन्ना यादव (34 वर्ष), पिता अवधेश यादव, करिया यादव (12 वर्ष), पिता रमेश यादव, भुअर यादव (14 वर्ष), पिता राजेश यादव, मोहित यादव (11 वर्ष), पिता कमलेश यादव और धर्मेंद्र पंडित, पिता लालमोहर पंडित के रूप में हुई है। सभी घायल रामडीहरा गांव के निवासी बताए गए हैं।घायलों को आनन-फानन में आरा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज किया जा रहा है। हादसे में बच्चों के भी घायल होने से ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई है।
तेज रफ्तार स्कॉर्पियो बनी हादसे की वजह
स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के मुताबिक, तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने लोगों को अपनी चपेट में लिया। हालांकि, हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और वाहन चालक की लापरवाही कितनी जिम्मेदार थी, इसकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।घटना के बाद इलाके में आक्रोश और दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही पर नियंत्रण लगाने की मांग की है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और बेलगाम रफ्तार पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
रिपोर्ट- आशीष कुमार