Bhojpur funeral: भोजपुर में अंतिम यात्रा बनी चर्चा का विषय!डीजे-ढोल के साथ बुजुर्ग महिला की विदाई
Bhojpur funeral: भोजपुर के शाहपुर में बुजुर्ग महिला की अंतिम यात्रा डीजे और ढोल के साथ निकाली गई। इसे लोगों ने नई सोच बताया है।
Bhojpur funeral: भोजपुर जिले के शाहपुर नगर पंचायत के दिलमपुर इलाके में एक ऐसी अंतिम यात्रा निकली, जिसने लोगों को चौंका भी दिया और सोचने पर भी मजबूर कर दिया। आमतौर पर किसी की मृत्यु के बाद माहौल दुख भरा होता है, लेकिन यहां एक बुजुर्ग महिला की विदाई बिल्कुल अलग अंदाज में की गई।
परिवार ने इस मौके को शोक के बजाय एक खास तरह से यादगार बनाने का फैसला किया। उनका मानना था कि दादी ने लंबी और सम्मान के साथ जिंदगी जी, इसलिए उनकी विदाई दुख के बजाय खुशी और गर्व के साथ होनी चाहिए। उन्होंने इसे एक तरह से पूर्ण जीवन का उत्सव माना।
अंतिम यात्रा के दौरान माहौल बिल्कुल अलग
अंतिम यात्रा के दौरान माहौल बिल्कुल अलग नजर आया। शव वाहन के आगे डीजे और ढोल-नगाड़े बज रहे थे। परिवार के लोग और आसपास के लोग संगीत की धुन पर चलते और नाचते हुए श्मशान घाट की ओर जा रहे थे। सड़कों पर यह दृश्य देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई। इस अनोखी अंतिम यात्रा ने पूरे इलाके में चर्चा पैदा कर दी। कई लोगों ने इसे भावुक और अलग सोच वाला कदम बताया। उनका कहना था कि अगर कोई व्यक्ति अपनी पूरी उम्र अच्छे से जीकर जाता है और अपने पीछे खुशहाल परिवार छोड़ता है, तो उसकी विदाई को सम्मान और गर्व के साथ मनाया जा सकता है।
आरा से आशीष की रिपोर्ट