Bhojpur snake bite: भोजपुर में दर्दनाक हादसा! एक ही चौकी पर सो रही दो बहनों को सांप ने डसा, एक की मौत
Bhojpur snake bite: भोजपुर के रामदत्तही गांव में एक ही चौकी पर सो रही दो बहनों को सांप ने डस लिया। 22 वर्षीय खुशबू कुमारी की मौत हो गई, जबकि बड़ी बहन का इलाज जारी है।
Bhojpur snake bite: आरा में रक्षाबंधन पर मायके आई एक महिला के लिए त्योहार की खुशी कुछ ही घंटों में दुख में बदल गई। भोजपुर जिले के करनामेपुर थाना क्षेत्र के रामदत्तही गांव में शनिवार रात एक ही चौकी पर सो रही दो सगी बहनों को सांप ने डस लिया। घटना में 22 वर्षीय खुशबू कुमारी की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं उसकी बड़ी बहन कांती देवी का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है।
रक्षाबंधन पर मायके आई थी कांती
परिजनों के अनुसार, कांती देवी रक्षाबंधन के मौके पर शुक्रवार को अपने मायके आई थी। शनिवार रात वह अपनी छोटी बहन खुशबू के साथ घर में एक ही चौकी पर सो रही थी। इसी दौरान सांप ने दोनों बहनों को डस लिया।
घर के लोगों को घटना की जानकारी उस समय हुई, जब वे जागे और सांप को वहां से जाते हुए देखा। इसके बाद परिजन दोनों को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे। इलाज के दौरान खुशबू कुमारी ने दम तोड़ दिया, जबकि कांती देवी का इलाज जारी है। कांती देवी की शादी बक्सर जिले के रामदास राय के डेरा थाना क्षेत्र के गंगौली गांव निवासी रितेश ठाकुर से हुई है।
पांच बहनों और दो भाइयों में चौथे नंबर पर थी खुशबू
खुशबू कुमारी पांच बहनों और दो भाइयों में चौथे नंबर पर थी। परिवार में उसकी मां परमलावती देवी के अलावा बहनें कांती देवी, रूबी देवी, बेबी देवी और आरती कुमारी हैं। उसके दो भाई सोनू ठाकुर और अभिषेक ठाकुर हैं। खुशबू की मौत के बाद परिवार में मातम छा गया है। मां और दूसरे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी इस घटना के बाद शोक का माहौल बना हुआ है।
पुलिस ने शव का कराया पोस्टमॉर्टम
घटना की जानकारी मिलने के बाद करनामेपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
रिपोर्टर आशीष कुमार भोजपुर आरा