Bhojpur Road Accident: भोजपुर में रफ्तार बनी काल! बालू लदे ट्रक ने सास-दामाद को कुचला, मौके पर मौत

Bhojpur Road Accident: भोजपुर के संदेश थाना क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें बालू लदे ट्रक ने बाइक सवार ने सास और दामाद को कुचल दिया।

Bhojpur Road Accident: भोजपुर जिले के संदेश थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। नासरीगंज–सकड्डी स्टेट हाईवे पर नसरपुर गांव के पास बालू लदे एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार सास और दामाद को कुचल दिया। हादसा इतना भयानक था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। चश्मदीदों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों ट्रक के नीचे फंस गए और काफी दूर तक सड़क पर घिसटते चले गए। इस दर्दनाक दृश्य को देखकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। घटना के बाद इलाके में शोक और गुस्से का माहौल बन गया। हादसे से नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर नासरीगंज–सकड्डी स्टेट हाईवे को जाम कर दिया। लोगों ने ट्रक चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और मृतकों के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की। सड़क जाम होने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।

घटनास्थल पर पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही संदेश थाना क्षेत्र की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभालने में जुट गई। पुलिस ने हादसे में शामिल बालू लदे ट्रक को जब्त कर लिया है। साथ ही फरार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि ट्रक तेज रफ्तार में था और चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया, जिसके कारण यह बड़ा हादसा हुआ। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।