Bhojpur wedding: हमला, हंगामा और फिर मंदिर में शादी… भोजपुर की अनोखी घटना चर्चा में
Bhojpur wedding: भोजपुर के शोभिटोला गांव में शादी समारोह के दौरान बारात पर हमला हो गया। इस दौरान कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने थाना परिसर के शिव मंदिर में कराई शादी।
Bhojpur wedding: भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के शोभिटोला गांव में सोमवार की शाम शादी का माहौल अचानक हिंसा में बदल गया। शादी की खुशियों के बीच बारात पर हमला होने से गांव में डर और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बारात में शामिल लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
जानकारी के अनुसार, शोभिटोला गांव निवासी नरेश यादव की बेटी सोनी कुमारी की शादी तियर थाना क्षेत्र के मनियारा गांव निवासी कृष्णधारी सिंह के बेटे हरेंद्र कुमार से तय हुई थी। सोमवार को बारात खुशी के माहौल में गांव पहुंची थी और शादी की रस्में शुरू होने वाली थीं। इसी दौरान कुछ लोगों ने अचानक बारात पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
20 अज्ञात लोगों पर हमला करने का आरोप
दूल्हे के पिता कृष्णधारी सिंह ने थाने में दिए आवेदन में प्रिंस कुमार, अभिषेक कुमार, उमेश यादव, सोनालाल और जेपी साह समेत करीब 20 अज्ञात लोगों पर हमला करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि हमलावरों ने बारातियों के साथ मारपीट की और अफरा-तफरी के बीच गहने और नकदी भी लूट ली। इस घटना में दूल्हा, उसके पिता और परिवार के अन्य लोग घायल हो गए। हमला इतना अचानक हुआ कि शादी की पूरी व्यवस्था बिगड़ गई और समारोह रुक गया।
शाहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची
घटना की जानकारी मिलते ही शाहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए दोनों परिवारों को भरोसा दिलाया। इसके बाद पुलिस ने एक खास फैसला लिया और दूल्हा-दुल्हन की शादी थाना परिसर में बने शिव मंदिर में कड़ी सुरक्षा के बीच पूरी कराई। पुलिस की मौजूदगी में शादी की सभी रस्में पूरी हुईं और बाद में मामले की जांच शुरू कर दी गई।
भोजपुर आरा से आशीष की रिपोर्ट