Bihar News: सदर अस्पताल का बिहार विधानसभा की प्रश्न एवं ध्यानाकर्षण समिति ने किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

Bihar News: बिहार विधानसभा की प्रश्न एवं ध्यानाकर्षण समिति ने आरा सदर अस्पताल का निरीक्षण किया। ...

सदर अस्पताल की निरीक्षण- फोटो : reporter

Bihar News: बिहार विधानसभा की प्रश्न एवं ध्यानाकर्षण समिति ने मंगलवार को आरा सदर अस्पताल का निरीक्षण किया। समिति ने अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, भवन की स्थिति, डॉक्टरों की उपलब्धता, बेड की संख्या तथा मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल के विभिन्न वार्डों और विभागों की व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई तथा मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के संबंध में अधिकारियों से चर्चा की गई।

निरीक्षण के बाद समिति के अध्यक्ष सह पूर्वी चंपारण जिले के कल्याणपुर विधायक सचिन्द्र प्रसाद सिंह ने कहा कि सदर अस्पताल में कई व्यवस्थाएं बेहतर तरीके से संचालित हो रही हैं, लेकिन कुछ सुविधाओं में और सुधार की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान सामने आई समस्याओं और आवश्यकताओं को लेकर सरकार को रिपोर्ट सौंपी जाएगी। साथ ही संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रयास किया जाएगा।समिति के अध्यक्ष ने कहा कि आरा सदर अस्पताल की बिल्डिंग हाल के वर्षों में बनी है, लेकिन इसके स्ट्रक्चर से जुड़ी कुछ समस्याएं सामने आई हैं। इन समस्याओं को दूर करने की आवश्यकता है, ताकि मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके अलावा कुछ विभागों में बेड की संख्या बढ़ाने, डॉक्टरों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार की जरूरत भी बताई गई।

उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान अस्पताल की कई व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। वहीं, जिन क्षेत्रों में सुधार की आवश्यकता है, उन्हें चिन्हित किया गया है। इन बिंदुओं को रिपोर्ट में शामिल कर सरकार को अवगत कराया जाएगा। इसके बाद संबंधित विभागों और अधिकारियों के साथ बैठक कर समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जाएगा।अस्पताल में कमियां पाए जाने के सवाल पर समिति के अध्यक्ष सचिन्द्र प्रसाद सिंह ने कहा कि इसे पूरी तरह खामियों के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए, बल्कि कुछ ऐसी कमियां हैं जिनमें सुधार की जरूरत है। उन्होंने कहा कि पुराने समय की तुलना में वर्तमान में सदर अस्पताल की व्यवस्थाओं में काफी बदलाव आया है। अब यहां पहले की अपेक्षा बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं और उन्हें स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि अस्पताल में मौजूद कमियों को भी जल्द दूर करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि मरीजों को बेहतर और सुगम चिकित्सा सुविधा मिल सके। समिति ने अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाने और संबंधित समस्याओं को सरकार के संज्ञान में लाने का आश्वासन दिया।निरीक्षण के दौरान भोजपुर के सिविल सर्जन डॉ. शिवेंद्र कुमार सिन्हा, अस्पताल प्रबंधक, भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गा राज, संतोष चंद्रवंशी सहित अन्य अधिकारी एवं लोग मौजूद रहे। समिति के निरीक्षण के बाद सदर अस्पताल में आवश्यक सुधार और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में आगे की कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है।

रिपोर्ट- आशीष कुमार