25 वर्षीय डेयरी संचालक की उसके घर के दालान से बरामद हुआ शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
भोजपुर जिले के तियर थाना क्षेत्र के यादवपुर गांव में एक 25 वर्षीय डेयरी संचालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक का शव उसके घर के दलान में स्थित डेयरी दुकान के पास एक चौकी के नीचे से बरामद किया गया....
Arrah : बिहार के भोजपुर जिले के तियर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां यादवपुर गांव में एक 25 वर्षीय डेयरी संचालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक का शव उसके घर के दलान में स्थित डेयरी दुकान के पास एक चौकी के नीचे से बरामद किया गया। मृतक की पहचान यादवपुर गांव निवासी हीरालाल सिंह के पुत्र राजा बाबू उर्फ अलबेला कुमार के रूप में हुई है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
भाई का गंभीर आरोप: पैसे के लेनदेन और जमीन विवाद में नशीला पदार्थ देकर की गई हत्या
मृतक के बड़े भाई हरिश्चंद्र कुमार ने गांव के ही कुछ लोगों पर हत्या का सीधा आरोप लगाया है। उनका कहना है कि गांव के कुछ दबंगों के पास उनके भाई के पैसे बकाया थे, जिसे लेकर लगातार तनाव चल रहा था। इसके अलावा जमीन को लेकर भी पुराना विवाद था। बड़े भाई का आरोप है कि इसी रंजिश के कारण आरोपियों ने राजा बाबू को पहले कोई नशीला पदार्थ खिलाया और फिर बेरहमी से मारपीट कर उसकी हत्या कर दी और शव को छुपाने की नीयत से चौकी के नीचे डाल दिया।
मौके पर पहुंचे एसडीपीओ; एफएसएल (FSL) टीम ने जुटाए वैज्ञानिक साक्ष्य
घटना की गंभीरता को देखते हुए जगदीशपुर के एसडीपीओ पंकज मिश्रा और तियर थाना पुलिस तुरंत भारी बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मामले की तह तक जाने और मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए पटना से विधि विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) की टीम को भी बुलाया गया। वैज्ञानिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया और वहाँ से फिंगरप्रिंट्स समेत कई अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं।
छह भाइयों में सबसे छोटा था राजा बाबू, पूरे परिवार में मचा कोहराम
बताया जा रहा है कि मृतक राजा बाबू तीन बहनों और छह भाइयों के भरे-पूरे परिवार में सबसे छोटा था। वह अपनी डेयरी दुकान चलाकर परिवार का हाथ बंटाता था। उसकी अचानक और संदिग्ध मौत की खबर जैसे ही घर पहुँची, परिजनों में कोहराम मच गया। माता-पिता और भाई-बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, इस रहस्यमयी मौत और हत्या के आरोपों के बाद से पूरे गांव में मातम के साथ-साथ भारी दहशत और तनाव का माहौल व्याप्त है।
बयान के आधार पर केस दर्ज करने में जुटी पुलिस
जगदीशपुर एसडीपीओ पंकज मिश्रा के मुताबिक, पुलिस सभी बिंदुओं पर बहुत गहराई से जांच कर रही है। परिजनों ने जमीन और पैसे के विवाद को लेकर जो आशंकाएं जताई हैं, उन्हें ध्यान में रखते हुए संदिग्धों से पूछताछ की तैयारी की जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा कि मौत मारपीट से हुई है, जहर देने से या फिर किसी अन्य कारण से। परिजनों के लिखित बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
आशीष की रिपोर्ट