इंस्टाग्राम पर हथियार लहराना पड़ा महंगा: पुलिस ने 3 युवकों को किया गिरफ्तार, देशी रिवाल्वर बरामद

इंस्टाग्राम पर हथियार लहराना पड़ा महंगा- फोटो : आशीष

Arrah : जिले में सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों का प्रदर्शन कर दहशत फैलाने वाले युवकों पर पुलिस का शिकंजा कस गया है। इंस्टाग्राम पर देशी पिस्टल व रिवाल्वर लहराते हुए वीडियो बनाकर वायरल करने वाले तीन युवकों को भोजपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए अभियुक्तों के पास से एक देशी रिवाल्वर भी जब्त किया गया है।


इंस्टाग्राम हैंडल ‘Mafia_Nirhu_Mahto’ से वायरल हुआ था वीडियो: 

जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इंस्टाग्राम पर “Mafia_Nirhu_Mahto” नामक आईडी से अवैध हथियार लहराते हुए वीडियो अपलोड किया गया है। वीडियो के तेजी से वायरल होने के बाद भोजपुर पुलिस की सोशल मीडिया निगरानी टीम सक्रिय हुई और मामले का संज्ञान लिया गया।


आरा नगर थाने में केस दर्ज: 

मामले की गंभीरता को देखते हुए आरा नगर थाने में कांड संख्या-565/26, दिनांक 19 अगस्त 2026 के तहत सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर तीनों आरोपियों को धर दबोचा।


इब्राहिमनगर के रहने वाले हैं तीनों अभियुक्त: 

गिरफ्तार किए गए तीनों युवकों की पहचान अंकित कुमार उर्फ निर्हु (पिता- गुप्तेश्वर महतो), मनीष कुमार (पिता- आशीष पासवान) और श्यामकिशोर उर्फ गोलका (पिता- नंदकिशोर राम) के रूप में हुई है। ये सभी आरा नगर थाना क्षेत्र के इब्राहिमनगर मोहल्ले के निवासी हैं।


सोशल मीडिया पर पुलिस की पैनी नजर: 

पुलिस प्रशासन ने सख्त चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने या रील्स बनाकर कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वालों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। किसी भी सूरत में अवैध हथियारों का प्रदर्शन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।


आशीष की रिपोर्ट