Bihar News : भोजपुर में वीर कुंवर सिंह विजयोत्सव की धूम, आरा से जगदीशपुर तक होंगे कई कार्यक्रम, दो दिवसीय राजकीय समारोह की तैयारी पूरी
Bihar News : विजयोत्सव को लेकर भोजपुर में आयोजित होनेवाले राजकीय समारोह की तैयारी पूरी कर ली गयी है. इस दौरान आरा से लेकर जगदीशपुर तक कई कार्यक्रम आयोजिटी किये जायेंगे.......पढ़िए आगे
ARA : 1857 की क्रांति के महानायक बाबू वीर कुंवर सिंह के विजयोत्सव को मनाने के लिए आरा और जगदीशपुर में तैयारियाँ अपने अंतिम चरण में हैं। इस अवसर पर भोजपुर जिला प्रशासन द्वारा दो दिवसीय भव्य राजकीय कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। जिला पदाधिकारी तनय सुल्तानिया ने बताया कि विजयोत्सव को ऐतिहासिक बनाने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध कर लिए गए हैं।
स्मृति पार्क और किला परिसर में मुख्य आयोजन
कार्यक्रम की शुरुआत आरा शहर के 'वीर कुंवर सिंह स्मृति पार्क' से होगी, जहाँ विशेष श्रद्धांजली सभा आयोजित की जाएगी। इसके पश्चात मुख्य कार्यक्रम बाबू कुंवर सिंह के पैतृक गांव जगदीशपुर स्थित उनके ऐतिहासिक किले में आयोजित होगा। यहाँ विजयोत्सव के अवसर पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की जाएगी।
सांस्कृतिक कार्यक्रम और चित्र प्रदर्शनी का आकर्षण
इस दो दिवसीय समारोह के दौरान कई विविध कार्यक्रमों की श्रृंखला तैयार की गई है। शहर में सुबह प्रभात फेरी निकाली जाएगी और बाबू कुंवर सिंह के जीवन पर आधारित एक विशेष चित्र प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। सांस्कृतिक प्रेमियों के लिए पहले दिन की शाम जगदीशपुर में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा, जिसमें स्थानीय और प्रसिद्ध कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे।
स्टेडियम में होगा दूसरे दिन का भव्य समापन
विजयोत्सव के दूसरे दिन का मुख्य केंद्र आरा का 'वीर कुंवर सिंह स्टेडियम' होगा। यहाँ आयोजित होने वाले भव्य सांस्कृतिक और राजकीय कार्यक्रमों के साथ इस समारोह का समापन होगा। जिला प्रशासन के अनुसार, इन कार्यक्रमों का उद्देश्य नई पीढ़ी को बाबू कुंवर सिंह के अदम्य साहस और उनके बलिदान से परिचित कराना है।
प्रशासन ने कसी कमर
डीएम तनय सुल्तानिया ने बताया कि राजकीय समारोह होने के कारण सुरक्षा और जन-सुविधाओं का विशेष ख्याल रखा गया है। आरा और जगदीशपुर के चप्पे-चप्पे पर प्रशासनिक मुस्तैदी रहेगी। इस विजयोत्सव में जिले भर से बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना है, जिसे देखते हुए यातायात और भीड़ प्रबंधन की भी विशेष योजना बनाई गई है।