Bihar News: आरा सदर अस्पताल बना जंग का मैदान, मरीज के मौत के बाद भड़के परिजन, इमरजेंसी वार्ड में तोड़फोड़ और किया हंगामा

Bihar News: सड़क हादसे में घायल दो लोगों की मौत के बाद गुस्साए परिजनों ने सदर अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा और तोड़फोड़ की...

सदर अस्पताल में बवाल- फोटो : ASHISH

Bihar News: आरा से एक बेहद तनावपूर्ण और सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां सदर अस्पताल का इमरजेंसी वार्ड घंटों तक रणक्षेत्र में तब्दील रहा। सड़क हादसे में घायल दो लोगों की मौत के बाद गुस्साए परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा और तोड़फोड़ की, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के मुताबिक, कृष्णगढ़ थाना क्षेत्र के बलुआ गांव के पास हुए सड़क हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। स्थानीय लोग आनन-फानन में दोनों घायलों को इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। लेकिन इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई, जिसके बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा।

परिजनों ने डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए इमरजेंसी वार्ड में हंगामा शुरू कर दिया। देखते ही देखते स्थिति बेकाबू हो गई और मामला मारपीट व तोड़फोड़ तक पहुंच गया। गुस्साए लोगों ने अस्पताल के उपकरणों को नुकसान पहुंचाया और इमरजेंसी वार्ड के बाहर लगे गमलों को भी तोड़ डाला। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हंगामा इतना उग्र था कि कुछ देर के लिए अस्पताल का पूरा माहौल दहशत में बदल गया। मरीजों और उनके परिजनों में डर का माहौल बन गया, जबकि अस्पताल कर्मी भी खुद को सुरक्षित करने में जुट गए।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया। पुलिस ने भीड़ को शांत कराया और हालात सामान्य करने की कोशिश की।फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है और अस्पताल में हुई तोड़फोड़ व हंगामे को लेकर आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है।

रिपोर्ट- आशीष कुमार