Bihar News: बिहार में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस का हल्लाबोल, सड़क से सदन तक हो रहा विरोध

Bihar News: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया।...

Bihar News: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन सोमवार को पश्चिम चंपारण के जिला मुख्यालय बेतिया में भी देखने को मिला। जिला कांग्रेस अध्यक्ष के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने समाहरणालय के मुख्य गेट पर प्रदर्शन किया और केंद्र सरकार तथा मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। यह प्रदर्शन कांग्रेस के देशव्यापी जिला-स्तरीय अभियान के तहत आयोजित किया गया।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची को लेकर निर्वाचन आयोग की भूमिका पर सवाल उठाए। बेतिया के पूर्व कांग्रेस विधायक मदन मोहन तिवारी और कांग्रेस अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष वसी अहमद ने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त के कार्यकाल में मतदाताओं के नाम काटे गए और चुनाव प्रक्रिया में केंद्र सरकार को लाभ पहुंचाने का काम किया गया।कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी शुरुआत से ही मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े इन मुद्दों को उठा रहे हैं। उनका कहना था कि यदि ज्ञानेश कुमार को पद से नहीं हटाया गया तो कांग्रेस अपना विरोध सड़क से सदन तक जारी रखेगी।

दरअसल, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर कांग्रेस का विरोध पिछले कुछ दिनों से लगातार तेज हुआ है। 25 सितंबर को पटना में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली और SIR को लेकर प्रदर्शन किया था। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने बैरिकेडिंग की थी और स्थिति बिगड़ने पर वाटर कैनन का इस्तेमाल किया गया था।

पश्चिम चंपारण में भी इससे पहले भाकपा और राजद की ओर से ज्ञानेश कुमार के खिलाफ अलग-अलग विरोध प्रदर्शन किए जा चुके हैं। राजद ने 25 सितंबर को बेतिया समाहरणालय के बाहर प्रदर्शन कर CEC का पुतला भी फूंका था।कांग्रेस के इन आरोपों पर निर्वाचन आयोग की ओर से SIR से जुड़े फैसलों को सामूहिक और कानून के अनुरूप लिए जाने की बात कही गई है। ऐसे में मतदाता सूची और निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक टकराव फिलहाल जारी है।

रिपोर्ट- आशीष कुमार