भोजपुर में शादी के पहले युवक का मिला शव, गला दबाकर हत्या की आशंका, परिजनों में मचा कोहराम
आकाश की शादी तय हो चुकी थी और आगामी 20 जून को उसकी तिलक रस्म होने वाली थी। परिवार में खुशियों का माहौल था, लेकिन इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
Bihar News : भोजपुर जिले के कोईलवर थाना क्षेत्र में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक घर से निकला था, लेकिन बाद में उसका शव पुल के समीप महादलित टोला के पास बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही कोईलवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान पटना जिले के विक्रम थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़की बलियारी गांव निवासी आकाश कुमार के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि आकाश की शादी तय हो चुकी थी और आगामी 20 जून को उसकी तिलक रस्म होने वाली थी। परिवार में खुशियों का माहौल था, लेकिन इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। परिजनों ने बताया कि परिवार में एक श्राद्धकर्म कार्यक्रम था, जिसमें शामिल होने के लिए सभी लोग गए हुए थे। इसी दौरान आकाश भी अपने एक दोस्त के साथ घर से निकला था। कुछ समय बाद उसका दोस्त वापस घर लौट आया, जबकि आकाश का कोई पता नहीं चला।
बाद में स्थानीय लोगों को एक युवक का शव मिला। मृतक की जेब से मिले मोबाइल फोन के आधार पर परिजनों को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही परिवार के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और शव की पहचान आकाश कुमार के रूप में की। परिजनों का आरोप है कि आकाश की गला दबाकर हत्या की गई है और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को घटनास्थल पर फेंक दिया गया। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेज दिया है।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। युवक के साथ गए दोस्त से भी पूछताछ की जा सकती है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
घटना के बाद मृतक के घर में मातम पसरा हुआ है। जिस घर में कुछ दिनों बाद तिलक की तैयारी होनी थी, वहां अब शोक का माहौल है।
आशीष कुमार की रिपोर्ट