अचानक भरभराकर गिरी जर्जर दीवार : चपेट में आए दो मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत, एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल

भोजपुर जिले के बिहिया में शनिवार को एक बड़े हादसे में दो मासूम बच्चों की जान चली गई। वहीं एक बुजुर्ग गंभीर रुप से घायल है, जिनका गंभीर हालत में अस्पताल मे इलाज चल रहा है....

दीवार गिरने से दो मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत- फोटो : आशीष श्रीवास्तव

Arrah : जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहां एक जर्जर बाउंड्री वॉल (चारदीवारी) अचानक भरभराकर गिर गई। इस हादसे की चपेट में आने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल बुजुर्ग को आनन-फानन में इलाज के लिए आरा के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।


बिहिया के धोबिया मोहल्ले में सुबह खेल रहे थे बच्चे, अचानक ढह गई दीवार

दिल दहला देने वाली यह घटना बिहिया थाना क्षेत्र के धोबिया मोहल्ला (वार्ड नंबर 6) की है। शनिवार सुबह करीब सवा छह बजे मोहल्ले के बच्चे घर के पास खेल रहे थे, तभी एक जर्जर बाउंड्री वॉल अचानक ताश के पत्तों की तरह ढह गई। दीवार के मलबे में दोनों बच्चे और पास में मौजूद एक बुजुर्ग दब गए। मलबे में दबने के कारण एक बच्चे की मौके पर ही सांसें थम गईं, जबकि दूसरे बच्चे ने अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही दम तोड़ दिया।


मृतकों में 3 साल का शिवांश और ढाई साल का अंकित शामिल, परिजनों में कोहराम

हादसे का शिकार हुए मृत बच्चों की पहचान धोबिया मोहल्ला निवासी साजन रजक के 3 वर्षीय पुत्र शिवांश कुमार और राहुल रजक के ढाई वर्षीय पुत्र अंकित कुमार के रूप में की गई है। दोनों मासूमों की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस वीभत्स हादसे के बाद घटनास्थल पर काफी देर तक अफरा-तफरी और चीख-पुकार का माहौल बना रहा, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने मलबे को हटाकर पीड़ितों को बाहर निकाला।


कई बार शिकायत के बाद भी नहीं सुधारी गई दीवार, पुलिस को झेलना पड़ा आक्रोश

स्थानीय निवासियों में इस हादसे को लेकर भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि यह बाउंड्री वॉल काफी समय से बेहद जर्जर स्थिति में थी, जिसे ठीक कराने या हटवाने के लिए कई बार मकान मालिक से शिकायत की गई थी, लेकिन लापरवाही बरतते हुए इसे ठीक नहीं कराया गया। घटना की सूचना पाकर जब बिहिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची, तो उन्हें स्थानीय लोगों और आक्रोशित परिजनों के भारी विरोध और गुस्से का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने प्रशासन से दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।


पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, कानूनी कार्रवाई में जुटी टीम

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने किसी तरह समझा-बुझाकर लोगों के आक्रोश को शांत कराया। इसके बाद पुलिस ने दोनों मासूम बच्चों के शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जर्जर दीवार के मालिक की पहचान कर लापरवाही से हुई मौत के मामले में नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

आशीष कुमार की रिपोर्ट