Bihar News: मुख्यमंत्री के आगमन से पहले वीर कुंवर सिंह संग्रहालय पहुंचे DM, तैयारियों का लिया जायजा

Bihar News: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के 23 सितंबर को भोजपुर के जगदीशपुर आगमन के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है।

बुधवार को भोजपुर जाएंगे सीएम- फोटो : reporter

Bihar News: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के 23 सितंबर को भोजपुर के जगदीशपुर आगमन के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है। इसी क्रम में जिला पदाधिकारी मनेश कुमार मीणा ने जगदीशपुर स्थित वीर कुंवर सिंह संग्रहालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर किला परिसर और संग्रहालय में साफ-सफाई, रंग-रोगन और अन्य तैयारियां भी कराई जा रही हैं।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने संग्रहालय में संरक्षित ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों का अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों से संग्रहालय की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने साफ-सफाई, रखरखाव, सुरक्षा और ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की।

डीएम ने अधिकारियों को संग्रहालय की व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रखने और आगंतुकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए संग्रहालय परिसर के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों और आवागमन से जुड़े इंतजामों की भी समीक्षा की जा रही है। प्रशासन की ओर से किला परिसर में सौंदर्यीकरण और आवश्यक तैयारियों का काम तेज किया गया है।

वीर कुंवर सिंह संग्रहालय स्वतंत्रता संग्राम से जुड़ी ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित करने वाला महत्वपूर्ण स्थल है। बिहार सरकार के पर्यटन विभाग के अनुसार, जगदीशपुर का वीर कुंवर सिंह किला प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है। संग्रहालय की स्थापना 1972 में बाबू वीर कुंवर सिंह की विरासत और 1857 के स्वतंत्रता संग्राम की स्मृतियों को संरक्षित करने के उद्देश्य से की गई थी।मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों के स्तर से लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। इससे पहले भी डीएम और अन्य अधिकारियों ने किला परिसर, संग्रहालय, खेल मैदान और प्रस्तावित हेलीपैड स्थल का जायजा लिया है।

रिपोर्ट- आशीष कुमार