Bihar News : भोजपुर में उत्पाद विभाग का बड़ा एक्शन, फोरलेन पर लग्जरी कार से 5 लाख की विदेशी शराब किया जब्त, दो तस्करों को किया गिरफ्तार

Bihar News : भोजपुर में उत्पाद विभाग की टीम ने एक लग्जरी कार से 5 लाख रुपये मूल्य की अवैध विदेशी शराब बरामद की गई है। मौके से दो अंतरजिला शराब तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है......पढ़िए आगे

शराब तस्कर गिरफ्तार - फोटो : ASHISH

ARA : भोजपुर जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत उत्पाद विभाग की टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। बक्सर-आरा-पटना फोरलेन पर गीधा थाना क्षेत्र अंतर्गत कायमनगर ओवरब्रिज के समीप छापेमारी कर एक लग्जरी अर्टिगा कार से 5 लाख रुपये मूल्य की 421.200 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की गई है। मौके से दो अंतरजिला शराब तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है।

उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश से एक चार पहिया वाहन के माध्यम से भारी मात्रा में विदेशी शराब की खेप पटना की ओर ले जाई जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद सहायक आयुक्त मद्यनिषेध (भोजपुर) के निर्देश पर निरीक्षक प्रकाश चंद्र के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन कर फोरलेन पर सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया गया।

जांच के क्रम में कायमनगर ओवरब्रिज के पास संदिग्ध स्थिति में आ रही एक मारुति सुजुकी अर्टिगा कार (रजिस्ट्रेशन नंबर BR01JX-8743) को रोककर तलाशी ली गई। कार के भीतर से विभिन्न नामी ब्रांडों की कुल 1,728 बोतल शराब बरामद हुई। जब्त शराब में ब्लेंडर्स प्राइड, सिग्नेचर, आइकॉनिक व्हाइट, स्मिरनॉफ वोडका, मैजिक मोमेंट्स, ऑफिसर्स च्वाइस, 8 पीएम, मैकडॉवेल्स और बडवाइजर बीयर जैसे ब्रांड शामिल हैं, जिन पर 'For Sale in Uttar Pradesh' अंकित है।

मौके से गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहित कुमार पांडेय (पिता हरेंद्र पांडेय, निवासी हरदिया वार्ड-09, थाना जगदीशपुर, भोजपुर) और विनय कुमार (पिता संजीव ठाकुर, निवासी अर्जी वार्ड-10, थाना हिलसा, नालंदा) के रूप में हुई है। पूछताछ में तस्करों ने स्वीकार किया कि शराब की यह खेप उत्तर प्रदेश से लाकर पटना के बाजारों में खपाने की योजना थी।

उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने बताया कि दोनों गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिहार में शराब की अवैध तस्करी को रोकने के लिए चेक पोस्टों और मुख्य मार्गों पर आगे भी इसी तरह का सख्त चेकिंग अभियान जारी रहेगा।

आशीष की रिपोर्ट