Bihar News : भोजपुर में करंट की चपेट ने आने से किसान की हुई मौत, परिजनों में मचा कोहराम
ARA : भोजपुर जिले के उदवंतनगर थाना क्षेत्र के असनी गांव में बिजली के करंट की चपेट में आने से एक युवा किसान की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान असनी गांव निवासी बबन यादव के 28 वर्षीय पुत्र लक्ष्मण यादव के रूप में हुई है। इस घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, लक्ष्मण यादव प्रतिदिन की तरह सोमवार की सुबह अपने खेतों की देखरेख और फसलों की स्थिति का जायजा लेने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान खेत में घूमने के क्रम में वह बिजली के करंट की चपेट में आ गए। करंट लगने के कारण उनकी हालत गंभीर हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोगों और परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, उन्हें बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
इस हादसे में 28 वर्षीय युवा किसान की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बताया जाता है कि लक्ष्मण यादव अपने दो भाइयों और दो बहनों में दूसरे स्थान पर थे। परिवार में उनकी पहचान एक मेहनती और जिम्मेदार सदस्य के रूप में थी। उनकी अचानक हुई मौत से माता-पिता, भाई-बहनों और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की खबर मिलते ही असनी गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतक के घर पहुंचकर शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना दे रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली के खुले तारों और असुरक्षित विद्युत व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। खेतों में काम करने और घूमने जाने वाले किसानों की सुरक्षा सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है, ताकि इस तरह की दर्दनाक घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
आशीष की रिपोर्ट