Bihar News: पांच दिन से बिजली गुल, थाने में पुलिस से नोकझोंक, एसआई पर ग्रामीणों ने दुर्व्यवहार का लगाया आरोप
Bihar News: पिछले करीब पांच दिनों से विद्युत आपूर्ति ठप रहने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ARA : जिले के चरपोखरी प्रखंड के बड़हरा गांव में पिछले करीब पांच दिनों से विद्युत आपूर्ति ठप रहने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली विभाग और पावर स्टेशन के संबंधित अधिकारियों को कई बार समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक खराब ट्रांसफॉर्मर की जगह नया ट्रांसफॉर्मर नहीं लगाया गया है। इससे परेशान सैकड़ों ग्रामीण सड़क जाम करने की सूचना देने और इस संबंध में ज्ञापन सौंपने चरपोखरी थाना पहुंचे।
थाना पहुंचे बड़हरा निवासी रंजीत कुमार, अनु राज, मृत्युंजय वर्मा समेत दर्जनों ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि थाने में ऑन ड्यूटी मौजूद पुलिसकर्मी बिना वर्दी के तैनात थे। ग्रामीणों का दावा है कि जब वे सड़क जाम की सूचना से संबंधित आवेदन देने पहुंचे तो कथित तौर पर पुलिसकर्मी ने उनके साथ अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें सभी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की चेतावनी दी गई। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में कई दिनों से बिजली नहीं रहने के कारण रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है। ऐसे में वे अपनी समस्या के समाधान की मांग को लेकर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराने थाना पहुंचे थे।
हालांकि, ग्रामीणों के आरोपों से पुलिस ने साफ इनकार किया है। चरपोखरी थाने के एसआई जितेंद्र कुमार ने कहा कि थाने में किसी के साथ अभद्रता नहीं की गई। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी ग्रामीण को केस में फंसाने की धमकी नहीं दी गई है।
फिलहाल गांव में बिजली संकट बरकरार है और ग्रामीण ट्रांसफॉर्मर बदलने की मांग पर कायम हैं। वहीं, थाना स्तर पर लगाए गए आरोपों को लेकर पुलिस और ग्रामीणों के दावों में विरोधाभास सामने आया है। बिजली विभाग की ओर से नया ट्रांसफॉर्मर कब तक लगाया जाएगा, इसे लेकर ग्रामीणों में इंतजार और नाराजगी दोनों बनी हुई है।
रिपोर्ट- आशीष कुमार