Bihar News : सोन नदी में नहाने के दौरान डूबने से तीन बच्चों समेत चार की हुई मौत, परिजनों में मचा कोहराम
Bihar News : भोजपुर जिले में सोन नदी में नहाने के दौरान तीन बच्चों और उन्हें बचाने गए एक युवक समेत कुल चार लोगों की डूबने से मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है.....पढ़िए आगे
ARA : नवरात्रि की धूम के बीच बिहार के भोजपुर जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। संदेश थाना क्षेत्र के तीर्थकौल गांव के समीप शनिवार को सोन नदी में नहाने के दौरान डूबने से तीन बच्चों समेत चार लोगों की मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीन बच्चे सोन नदी में नहाने के दौरान गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। बच्चों को डूबता देख लगभग 25 वर्षीय एक युवक उन्हें बचाने के लिए नदी में कूद पड़ा। हालांकि, पानी की गहराई अधिक होने के कारण वह भी डूब गया। इस प्रकार तीन बच्चों को बचाने के प्रयास में युवक की भी जान चली गई।
काफी मशक्कत के बाद बरामद हुए चारों शव
घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और प्रशासन को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस एवं प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद नदी से चारों के शव बरामद किए गए। हादसे की खबर फैलते ही मृतकों के स्वजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए।मृतकों में 10 से 15 वर्ष की आयु के तीन बच्चे और लगभग 25 वर्षीय एक युवक शामिल है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक मृतकों की विस्तृत पहचान की जानकारी सामने नहीं आई थी।
घटनास्थल पर कैंप कर रहे अधिकारी
हादसे की गंभीरता को देखते हुए संदेश प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) बिनेश कुमार और संदेश थानाध्यक्ष संजीव कुमार घटनास्थल पर मौजूद रहकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
चार परिवारों की खुशियां मातम में बदलीं
सोन नदी में हुए इस दर्दनाक हादसे ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं। जिन घरों में कुछ समय पहले तक सामान्य माहौल था, वहां अब चीख-पुकार मची हुई है। एक साथ चार लोगों की मौत से तीर्थकौल गांव और आसपास के क्षेत्रों में मातम पसरा हुआ है। नवरात्रि के उत्सवी माहौल के बीच हुई इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
आशीष की रिपोर्ट