Bihar News : भोजपुर में पति-पत्नी पर लोहे की रॉड से हमला, दो दिन तक दर्ज नहीं हुई FIR, SDPO के संज्ञान पर जागी पुलिस

Bihar News : भोजपुर जिले के सिकरहटा खुर्द गांव में आपसी विवाद के दौरान पति-पत्नी के साथ मारपीट करने का एक गंभीर मामला सामने आया है........पढ़िए आगे

पति-पत्नी पर हमला - फोटो : ASHISH

ARA : भोजपुर जिले के सिकरहटा थाना क्षेत्र के सिकरहटा खुर्द  गांव में पति-पत्नी के साथ मारपीट, लोहे की रॉड से हमला, देशी कट्टा तानकर धमकाने और आभूषण छीनने के गंभीर आरोपों के मामले में सिकरहटा थाना की कार्यशैली सवालों के घेरे में आ गई। जख्मी अलीमुद्दीन अंसारी और उनकी पत्नी आयशा का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पीरो में कराया गया। जख्मी आयशा खातून ने 8 अक्टूबर को सिकरहटा थाने में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की गुहार लगाई थी, लेकिन दो दिन तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई। मामले में पुलिस की कार्यशैली को लेकर सवाल उठने के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कन्हैया कुमार के संज्ञान में मामला पहुंचा। इसके बाद सिकरहटा थाना से संपर्क किए जाने पर 10 अक्टूबर की शाम करीब पांच बजे प्राथमिकी दर्ज की गई। आवेदक के अनुसार, घर के बगल खेत के डांड़ पर पड़ोसियों द्वारा ईंट का ढेर गिराए जाने से आवेदिका का बांस-बल्ला एवं जाल क्षतिग्रस्त हो गया। इसका विरोध करने पर गाली-गलौज शुरू हो गई। आरोप है कि इसके बाद 8 अक्टूबर की सुबह करीब 8:20 बजे नौ लोग एकजुट होकर अलीमुद्दीन अंसारी के दरवाजे पर पहुंचे और मारपीट शुरू कर दी।

सिर पर रॉड से वार, जमीन पर गिरकर बहने लगा खून

पीड़िता आयशा खातुन का आरोप है कि मो. कलीम और मो. नसीम ने उसके पति को पकड़कर जमीन पर पटक दिया और लाठी-डंडे से मारपीट करने लगे। इसी दौरान मो. कलीम कथित तौर पर घर से लोहे की रॉड लेकर आया और अलीमुद्दीन के सिर पर वार कर दिया। सिर में चोट लगने के बाद वह जमीन पर गिर पड़े और काफी खून बहने लगा।

कट्टा तानकर धमकाने और सोने के आभूषण छीनने का आरोप

आयशा खातून ने आवेदन में ताबीस रेहान और साजिद राजा पर देशी कट्टा लेकर पहुंचने तथा उसे कट्टा तानकर धमकाने का आरोप लगाया है। भयभीत महिला किसी तरह घर के अंदर जाकर छिप गई। वहीं, पति को बचाने पहुंची उसकी बेटी के साथ मारपीट कर उसके गले से करीब 45 हजार रुपये कीमत का सोने का लाकेट छीनने का आरोप रेहाना खातून पर लगाया गया है। महिला ने नसीमा खातून पर बाल पकड़कर खींचने तथा कान से करीब 20 हजार रुपये कीमत की सोने की बाली छीनने का भी आरोप लगाया है। वहीं, मो. नजीर पर गाली-गलौज करते हुए डंडे से मारपीट करने तथा बाद में गैंती के फल से पति-पत्नी पर हमला करने का आरोप लगाया गया है।

दो दिन तक क्यों नहीं हुई प्राथमिकी, पुलिस के जवाब ने बढ़ाए सवाल

घटना के बाद परिजन दोनों घायलों को इलाज के लिए पीरो के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। इसके बाद आयशा खातून ने 8 अक्टूबर को सिकरहटा थाने में लिखित आवेदन देकर आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की। लेकिन 10 अक्टूबर तक प्राथमिकी दर्ज नहीं होने पर मामले में पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे। इस संबंध में सिकरहटा थाना पहुंचकर आवेदन पर दो दिन तक प्राथमिकी दर्ज नहीं होने का कारण जानने का प्रयास किया गया। ओडी प्रभारी ललितेश कुमार से जानकारी मांगी गई तो उन्होंने कहा कि इस संबंध में थानाध्यक्ष या प्रभार में रहे अपर थानाध्यक्ष हर्ष कुमार ही जानकारी दे सकते हैं। इसके बाद हर्ष कुमार के व्यक्तिगत मोबाइल पर लगातार संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।

एसडीपीओ के संज्ञान में आते ही शाम पांच बजे दर्ज हुई प्राथमिकी

मामले की जानकारी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कन्हैया कुमार को दी गई। जानकारी मिलते ही उन्होंने सिकरहटा थाना से संपर्क किया। इसके बाद 10 अक्टूबर की शाम करीब पांच बजे मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई। ऐसे में सवाल उठता है कि 8 अक्टूबर को दिए गए आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज करने में दो दिन क्यों लगे और वरीय पुलिस अधिकारी के संज्ञान में मामला आने के बाद ही कार्रवाई क्यों हुई? हालांकि, प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपों की सत्यता जांच और अनुसंधान के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट होगी।

आशीष की रिपोर्ट