Bihar Crime News : आरा में पूर्व के विवाद को लेकर बदमाशों ने युवक को मारी गोली, इलाके में मची अफरा तफरी
Bihar Crime News : भोजपुर जिले के नवादा थाना क्षेत्र के बरौनी पाइपलाइन राइस मिल के समीप पूर्व के विवाद को लेकर एक युवक को गोली मारकर घायल कर दिए जाने की घटना सामने आई है......पढ़िए आगे
ARA : भोजपुर जिले के नवादा थाना क्षेत्र अंतर्गत अनाईठ स्थित बरौनी पाइपलाइन राइस मिल के समीप रविवार को बेखौफ अपराधियों ने पूर्व के विवाद को लेकर एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। दिनदहाड़े हुई इस गोलीबारी की घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और घटनास्थल पर अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई।
घायल युवक की पहचान अनाईठ के बाजारी मोहल्ला निवासी स्वर्गीय शिबू कुमार के 19 वर्षीय पुत्र कृष कुमार के रूप में की गई है। स्थानीय लोगों की मदद से आनन-फानन में घायल युवक को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना के पीछे पुरानी रंजिश और आपसी विवाद को मुख्य वजह बताया जा रहा है।
वारदात की जानकारी मिलते ही नवादा थाने की पुलिस टीम दल-बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और आसपास के लोगों से घटना के संबंध में पूछताछ कर आवश्यक जानकारी जुटाई। हमलावरों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस राइस मिल तथा आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।
पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के जरिए अपराधियों का सुराग लगाने की कोशिश की जा रही है और जल्द ही उन्हें चिन्हित कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और गोलीबारी के पीछे की सटीक वजहों का पता लगाने में जुटी हुई है। घटना के बाद से बाजारी मोहल्ला और आसपास के इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है, जिसे देखते हुए पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
आशीष की रिपोर्ट