Bihar News : भोजपुर में ऑटो ने सड़क किनारे ट्रक में मारी टक्कर, गंगा स्नान कर लौट रहीं महिला की हुई मौत, बच्ची समेत दस लोग हुए जख्मी
Bihar News : भोजपुर में एक ऑटो ने ट्रक में टक्कर मार दी। इस हादसे में गंगा स्नान कर घर लौट रही एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन वर्षीय एक बच्ची समेत कुल दस लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
ARA : भोजपुर जिले के आरा-छपरा मुख्य मार्ग पर मंगलवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना में एक महिला की मौत हो गई, जबकि तीन वर्षीय बच्ची समेत दस लोग घायल हो गए। हादसा कोईलवर थाना क्षेत्र के जमालपुर ग्रामीण बैंक के समीप हुआ। सभी महिलाएं गंगा स्नान कर ऑटो से अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान सामने से आ रही बाइक को बचाने के प्रयास में ऑटो चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और ऑटो सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराया।
इस दुर्घटना में मृत महिला की पहचान चांदी थाना क्षेत्र के बहियारा गांव निवासी राम भगवान चौधरी की 45 वर्षीय पत्नी कौशला देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि टक्कर के बाद कौशला देवी ऑटो से नीचे गिर गईं और पलटा हुआ ऑटो उनके ऊपर गिर पड़ा। इसके नीचे दबने से उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, सभी महिलाएं बबुरा के डोरीगंज घाट पर गंगा स्नान करने गई थीं। स्नान करने के बाद वे एक ऑटो पर सवार होकर अपने गांव लौट रही थीं। इसी बीच जमालपुर ग्रामीण बैंक के समीप सामने से एक बाइक आ गई। बाइक को बचाने के प्रयास में ऑटो चालक ने संतुलन खो दिया, जिसके कारण ऑटो सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराकर पलट गया।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। ऑटो में सवार अन्य महिलाएं और तीन वर्षीय बच्ची भी घायल हो गईं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालने में मदद की। इस हादसे में एक महिला की मौत से बहियारा गांव में शोक का माहौल है। वहीं, एक साथ कई महिलाओं के घायल होने से उनके परिजनों में चिंता व्याप्त है।
आशीष की रिपोर्ट