Bihar Crime : जन्म के 20 दिन बाद बेटे के सर से उठा पिता का साया, अपराधियों ने गोली मारकर उतारा मौत के घाट, परिजनों में मचा कोहराम
Bihar Crime : बिहार के भोजपुर जिले अंतर्गत उदवंतनगर थाना क्षेत्र के नीमा गांव में सोमवार शाम बेखौफ हथियारबंद अपराधियों ने 23 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी।
ARA : भोजपुर जिले के उदवंतनगर थाना क्षेत्र के नीमा गांव में सोमवार शाम हथियारबंद बदमाशों ने 23 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान नीमा गांव के वार्ड नंबर 8 निवासी स्व. संतोष कुमार के बेटे शत्रुध्न कुमार के रूप में हुई है। गोली लगने के बाद परिजन उसे इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
नहर पर हत्या
परिजनों के अनुसार, शत्रुध्न सोमवार शाम गांव से करीब 500 मीटर दूर बड़ी नहर के पास बैठा था। इसी दौरान गांव के दो युवक हथियार लेकर वहां पहुंचे। किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर एक युवक ने हथियार निकालकर शत्रुध्न को गोली मारने की धमकी दी और उसके सीने में गोली दाग दी। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
विवाद के बाद हत्या
परिजनों ने बताया कि शत्रुध्न का आरोपियों से दोपहर में भी विवाद हुआ था। हालांकि, विवाद का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई में जुटी है।
20 दिन पहले हुआ था बेटे का जन्म
मृतक के दादा कृष्णा कुमार ने बताया कि शत्रुध्न घर का इकलौता बेटा था। करीब 20 दिन पहले ही उसके घर बेटे का जन्म हुआ था। परिवार में पत्नी रुंगटा कुमारी, बेटी रूही कुमारी, मां सुमित्रा देवी और नवजात बेटा है। बेटे के जन्म के बाद परिवार में खुशियों का माहौल था, लेकिन हत्या की घटना के बाद घर में मातम पसर गया है। पत्नी और मां का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलने के बाद उदवंतनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस हत्या के कारणों और आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।
आशीष की रिपोर्ट