Bihar MLC Election : MLC उपचुनाव को लेकर इंडिया गठबंधन ने भरी हुंकार, सोनू कुमार राय ने जनप्रतिनिधियों के सम्मान की बताई लड़ाई
Bihar MLC Election : भोजपुर बक्सर में MLC उपचुनाव को लेकर इंडिया गठबंधन की बैठक की गयी. जिसमें घटक दलों के नेताओं, त्रि-स्तरीय पंचायत एवं नगर निकाय के जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया....पढ़िए आगे
ARA : भोजपुर-सह-बक्सर स्थानीय प्राधिकार निर्वाचन क्षेत्र के बिहार विधान परिषद् उपचुनाव की तैयारी के क्रम में इंडिया गठबंधन समर्थित राष्ट्रीय जनता दल के प्रत्याशी सोनू कुमार राय के पक्ष में महत्वपूर्ण बैठक होटल समृद्धि, आरा में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। इस बैठक की अध्यक्षता राजद भोजपुर के जिलाध्यक्ष वीरबल यादव ने की। वहीं संचालन प्रधान महासचिव रामबाबू पासवान ने किया। बैठक में इंडिया गठबंधन के विभिन्न घटक दलों के वरिष्ठ नेताओं, त्रि-स्तरीय पंचायत एवं नगर निकाय के जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया और चुनावी रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए एमएलसी प्रत्याशी सोनू कुमार राय ने कहा कि यह उपचुनाव पंचायत और नगर निकाय के जनप्रतिनिधियों के सम्मान, हक और अधिकार की लड़ाई है। वर्षों से उनके अधिकारों की अनदेखी की गई है। हमें पूरी ताकत के साथ गांव-गांव जाकर उनसे जुड़ना है, उनकी समस्याओं को समझना है। साथ ही जनता के मुद्दों को मजबूती देनी है। इंडिया गठबंधन की एकजुटता और जनप्रतिनिधियों का विश्वास ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है और हम इसी के बल पर ऐतिहासिक जीत दर्ज करेंगे। उन्होंने यह भी कहा जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा, पेंशन और मानदेय वृद्धि के सवाल पर मजबूती से लड़ेंगे।
अध्यक्षता कर रहे राजद जिलाध्यक्ष वीरबल यादव ने अपने संबोधन में कहा कि आज की बैठक ने यह स्पष्ट कर दिया है कि संगठन पूरी तरह सक्रिय, संगठित और चुनाव के लिए तैयार है। पंचायत से लेकर नगर निकाय तक सभी जनप्रतिनिधियों का समर्थन हमें मिल रहा है। कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है और हम बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाकर सोनू राय को भारी मतों से विजयी बनाएंगे। वहीं पूर्व विधान पार्षद लालदास राय ने कहा कि यह चुनाव सिर्फ एक सीट का नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों और जनप्रतिनिधियों के सम्मान का चुनाव है। इंडिया गठबंधन पूरी मजबूती के साथ मैदान में है और हम सब मिलकर इस चुनाव को ऐतिहासिक जीत में बदलेंगे।
वहीं राजद के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष व आरा सदर के पूर्व विधायक मो. नवाज आलम उर्फ अनवर आलम ने कहा कि यह चुनाव केवल प्रतिनिधि चुनने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि विचारधारा और भविष्य की दिशा तय करने का निर्णायक क्षण है। हमें भावनात्मक नहीं, संगठित और रणनीतिक होकर लड़ना है। हर कार्यकर्ता अपने क्षेत्र का सेनापति बने, हर बूथ हमारा किला बने; तभी जीत सुनिश्चित होगी। इंडिया गठबंधन की ताकत उसकी एकता और जमीनी पकड़ में है, और यही ताकत हमें निर्णायक बढ़त दिलाएगी। वहीं दूसरी ओर वरिष्ठ नेता पूर्व विधायक विजयेंद्र यादव ने कहा कि जनता बदलाव चाहती है और स्थानीय प्राधिकार के प्रतिनिधि अपने अधिकारों के लिए एक मजबूत आवाज चाहते हैं। सोनू राय इस आवाज को बुलंद करने का कार्य करेंगे।
वहीं भाकपा माले के पूर्व विधायक शिव प्रकाश रंजन ने अपने संबोधन में कहा कि हम सभी घटक दल पूरी एकजुटता के साथ चुनाव लड़ेंगे। गांव-गांव, वार्ड-वार्ड जाकर जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा और गठबंधन की नीतियों को लोगों तक पहुंचाया जाएगा। बैठक के दौरान बूथ प्रबंधन, मतदाता संपर्क, प्रचार-प्रसार की रणनीति, सोशल मीडिया समन्वय एवं विभिन्न वर्गों तक प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई। साथ ही, सभी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपते हुए चुनाव को पूरी मजबूती से लड़ने का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर यह भी जानकारी दी गई कि राजद प्रत्याशी सोनू कुमार राय आगामी 20 अप्रैल को अपना नामांकन दाखिल करेंगे, जिसमें इंडिया गठबंधन के सभी घटक दलों के वरिष्ठ नेता एवं बड़ी संख्या में समर्थक उपस्थित रहेंगे। बैठक में पूर्व विधायक राम विशुन सिंह उर्फ लोहिया, अरुण यादव, भाई दिनेश, चंद्रदीप सिंह, राजू यादव, किशोर कुणाल आदि मौजूद रहे।
आशीष की रिपोर्ट