Bihar Election Results 2025 : जन सुराज के प्रत्याशी चन्द्रशेखर सिंह का हार्ट अटैक से निधन, इलाके में दौड़ी शोक की लहर

प्रत्याशी का निधन - फोटो : ASHISH

ARA : जिले के तरारी विधानसभा क्षेत्र में चुनावी गतिविधियों के बीच एक दर्दनाक खबर ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। जन सुराज द्वारा तरारी से प्रत्याशी बनाए गए सेवानिवृत्त प्रधान शिक्षक एवं तेजतर्रार समाजसेवी चन्द्रशेखर सिंह का शुक्रवार शाम निधन हो गया। उन्होंने अपनी सादगी, ईमानदारी और सामाजिक सक्रियता से क्षेत्र में अलग पहचान बनाई थी।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार तड़के सुबह करीब 3 बजे चन्द्रशेखर सिंह को पहला हार्ट अटैक आया, जिसके बाद उन्हें तत्काल पटना के रूबन अस्पताल में डॉक्टरों की देखरेख में उनका उपचार जारी रहा, लेकिन दोपहर बाद उनकी हालत बिगड़ती चली गई। शाम 4 बजे उन्हें दूसरा हार्ट अटैक आया और निरंतर प्रयासों के बावजूद शाम 7 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।

चन्द्रशेखर सिंह पूर्व में शिक्षक संघ के सक्रिय पदाधिकारी रहे थे और ब्रह्मर्षि समाज के प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व भी संभाल चुके थे। समाज में उनकी पकड़ और प्रतिष्ठा काफी मजबूत मानी जाती थी। चुनाव अभियान के दौरान ही 31 अक्टूबर को उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें रूबन अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों ने तब किडनी फेल होने की पुष्टि की थी, जिसके बाद से उनका उपचार चल रहा था।

जन सुराज प्रत्याशी के अभिकर्ता एवं किसान नेता छोटे सिंह ने दूरभाष पर उनके निधन की पुष्टि की। खबर फैलते ही तरारी, कुरमुरी और आसपास के गांवों में शोक की हवा दौड़ गई। समाचार भेजे जाने तक उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव कुरमुरी नहीं पहुंचा था। देर रात तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। स्थानीय लोगों ने उनके निधन को क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।

आरा से आशीष की रिपोर्ट