Bihar Crime: आरा में जमीन विवाद बना खूनी संग्राम, युवक की चाकू से गोदकर हत्या, गांव में फैली सनसनी

Bihar Crime:पुराने विवाद को लेकर हुए झगड़े में 34 वर्षीय युवक की चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर हत्या कर दी गई।

चाकू से गोदकर हत्या- फोटो : ASHISH

ARA : भोजपुर जिले के सहार थाना क्षेत्र के बड़की खड़ाव गांव में जमीन के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। बुधवार सुबह पुराने विवाद को लेकर हुए झगड़े में 34 वर्षीय युवक की चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर हत्या कर दी गई। गंभीर रूप से घायल युवक को परिजन इलाज के लिए सहार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और तनाव का माहौल है। मृतक की पहचान बड़की खड़ाव गांव निवासी वीरेंद्र सिंह के 34 वर्षीय पुत्र विक्रांत सिंह के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, गांव के ही कुछ लोगों से जमीन को लेकर पिछले कई महीनों से विवाद चल रहा था। बुधवार सुबह इसी विवाद ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया और दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

आरोप है कि विवाद के दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने विक्रांत सिंह पर धारदार चाकू से हमला कर दिया। हमलावरों ने उसके सिर और शरीर के कई हिस्सों पर बेहद करीब से वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर खून से लथपथ जमीन पर गिर पड़ा। परिजन आनन-फानन में उसे इलाज के लिए सहार सीएचसी लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

दिनदहाड़े हुई इस हत्या की खबर फैलते ही गांव और आसपास के इलाकों में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर सहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर साक्ष्य जुटाने में लग गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला जमीन विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है। आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।इस वारदात के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस सतर्क है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त निगरानी की जा रही है।

रिपोर्ट- आशीष कुमार