Bihar Love marriage: इश्क के इमरजेंसी में घर से क्लास के बहाने निकली लड़की ,बंद मंदिर में मोहब्बत की मुराद हुई पूरी, प्रेमी ने भरी मांग

Bihar Love marriage:लड़की घर से क्लास जाने का बहाना बनाकर निकली, मगर ! इधर उसका आशिक पहले से ही पूरी शादी की साजो-सामान के साथ मंदिर में डेरा डाले बैठा था। जैसे ही महबूबा पहुंची,....

प्यार के लिए सब कुछ!- फोटो : X

Bihar Love marriage:जो मंजर सामने आया है, उसे कोई इश्क का जुनून कह रहा है तो कोई कानून और समाज के लिहाज से सरासर गुस्ताख़ी। भोजपुर के उदवंतनगर के बेलाउर स्थित सूर्य मंदिर, जहां आम दिनों में श्रद्धालुओं की आस्था झुकती है, वहीं इस बार बंद दरवाजों के पीछे मोहब्बत ने ऐसा रंग दिखाया कि पूरा इलाका सन्न रह गया।

लड़की घर से क्लास जाने का बहाना बनाकर निकली, मगर ! इधर उसका आशिक पहले से ही पूरी शादी की साजो-सामान के साथ मंदिर में डेरा डाले बैठा था। जैसे ही महबूबा पहुंची, बिना किसी बारात, बिना किसी शहनाई के, सीधे दिल से दिल का सौदा तय हो गया।

दोनों ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई, और फिर लड़के ने बड़े इत्मीनान से लड़की की मांग में सिंदूर भर दिया। मंदिर का मुख्य दरवाजा बंद था, मगर इश्क के रास्ते कब किसी दरवाजे के मोहताज रहे हैं? दोनों ने भगवान सूर्य को गवाह मानकर साथ जीने-मरने की कसमें खाईं।

कहानी यहीं खत्म नहीं होती। वहां मौजूद कुछ शौकीन गवाहों ने इस पूरे ड्रामे को अपने मोबाइल में कैद कर लिया। अब वही वीडियो सोशल मीडिया पर तूफान बनकर घूम रहा है। कोई इसे सच्ची मोहब्बत का नाम दे रहा है, तो कोई इसे बगावत और नादानी का तमगा दे रहा है।

कुछ लोग कह रहे हैं ये दिल का मामला है, इसमें दखल कैसी? तो वहीं दूसरी तरफ आवाज उठ रही है ये सब कानून और परिवार की इजाज़त के बिना कैसे? यानी इश्क के इस किस्से ने समाज को दो हिस्सों में बांट दिया है। उधर पुलिस भी अब हरकत में आ गई है। उदवंतनगर थाना के थानाध्यक्ष जयंत प्रकाश ने साफ कहा है कि वीडियो सामने आया है और चौकीदार को जांच के लिए लगा दिया गया है। अभी तक दोनों प्रेमी-प्रेमिका की पहचान नहीं हो पाई है, मगर तफ्तीश जारी है।

अब सवाल ये है क्या ये सिर्फ दो दिलों का मिलन है, या फिर समाज और कानून को चुनौती देने वाला एक खामोश बगावत? जो भी हो, बेलाउर का ये मंदिर अब सिर्फ पूजा का स्थान नहीं रहा, बल्कि इश्क और इत्तेफाक की ऐसी दास्तान बन गया है, जिसकी गूंज अब हर मोबाइल स्क्रीन पर सुनाई दे रही है।

रिपोर्ट- आशीष कुमार