Bihar Rail Accident: बिहार में सुबह सुबह बड़ा रेल हादसा, डर से भागने लगे लोग , परिचालन प्रभावित
Bihar Rail Accident: न्यू जलपाईगुड़ी-कटिहार के रास्ते आरा होकर नई दिल्ली जाने वाली महानंदा एक्सप्रेस की दो बोगियां पटरी से उतर गईं।
Bihar Rail Accident: दानापुर रेल मंडल के अंतर्गत आरा जंक्शन पर रविवार की अहले सुबह बड़ा रेल हादसा हो गया। न्यू जलपाईगुड़ी-कटिहार के रास्ते आरा होकर नई दिल्ली जाने वाली महानंदा एक्सप्रेस की दो बोगियां पटरी से उतर गईं। हादसा सुबह करीब 4:10 बजे आरा रेलवे स्टेशन के पश्चिमी गुमटी के पास अप लाइन पर हुआ। दुर्घटनास्थल 593 किलोमीटर 9 ए के आसपास बताया जा रहा है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, पटरी से उतरने वाली दोनों बोगियां इंजन से सटे जनरल कोच हैं। हादसे की खबर मिलते ही रेल प्रशासन में अफरातफरी मच गई। रेलवे के अधिकारी और तकनीकी कर्मचारी आनन-फानन में मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लेना शुरू कर दिया।
हादसे के कारण दिल्ली-हावड़ा मुख्य रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ है। दानापुर कंट्रोल से तकनीकी टीम को आरा के लिए रवाना किया गया। रेलवे की ओर से दुर्घटनाग्रस्त बोगियों को हटाने और ट्रैक को दुरुस्त करने के लिए राहत एवं तकनीकी अभियान शुरू कर दिया गया है।
मौके पर पहुंची संबंधित विभागों की टीमें दुर्घटनाग्रस्त ट्रेन और रेलवे ट्रैक की तकनीकी जांच कर रही हैं। हालांकि, शुरुआती तौर पर बोगियों के पटरी से उतरने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। रेलवे अधिकारियों की जांच के बाद ही हादसे की असल वजह सामने आने की उम्मीद है।
फिलहाल रेलवे का पूरा फोकस ट्रैक को जल्द से जल्द दुरुस्त करने और दुर्घटनाग्रस्त बोगियों को हटाकर रेल परिचालन सामान्य कराने पर है। प्रभावित ट्रेनों के परिचालन को लेकर रेलवे की ओर से आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा रहे हैं। यात्रियों को भी यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी जा रही है।