भोजपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: जातिगत वर्चस्व और हिंसा को बढ़ावा देने वाले भोजपुरी गानों पर शिकंजा, टुनटुन यादव समेत 45 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज

भोजपुर जिले में संगीत के माध्यम से जातिगत वर्चस्व और हिंसा को बढ़ावा देने मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। साइबर थाने के इंटरनेट मीडिया प्रभारी सह दारोगा के बयान पर पुलिस ने 45 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की है.....

भोजपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई- फोटो : आशीष श्रीवास्तव

Arrah : भोजपुर जिले में भोजपुरी संगीत के जरिए जातिगत वर्चस्व, रंगदारी और हिंसा को बढ़ावा देने के मामलों पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर वायरल विवादित गानों और उनसे जुड़े वीडियो की पड़ताल के बाद आरा साइबर थाने में 45 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस कार्रवाई में चर्चित गायक टुनटुन यादव समेत कई गायक, गीतकार, रिकॉर्डिंग स्टूडियो संचालक और सोशल मीडिया अकाउंट संचालक नामजद किए गए हैं। भोजपुर के पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित ने प्राथमिकी दर्ज होने की पुष्टि की है।


टुनटुन यादव, गोल्डी यादव और खुशबू राज समेत कई गायक व गीतकार नामजद

पुलिस के मुताबिक, साइबर थाने के इंटरनेट मीडिया प्रभारी सह दारोगा निखिल राय के बयान पर यह प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपियों में गायक टुनटुन यादव, जिद्दी बाय चंदन, मिथिलेश राजा, बसंत सिंह, अजीत सिंह कुशवाहा, गोल्डी यादव, खुशबू राज, उज्ज्वल कुंवर, प्रियंका भास्कर, रीतेश ठाकुर, विजय यादव, सृष्टि भारती, राजा अविनाश और राधे बिहारी रोहित शामिल हैं। इसके अलावा गीतकारों में सूरज सोनालिका, हरेराम अकेला, सुनील सागर, जेपी राहुल, सोनू पांडेय और अरुण उमंग के नाम भी प्राथमिकी में दर्ज किए गए हैं।


रिकॉर्डिंग स्टूडियो और सोशल मीडिया हैंडल भी जांच के घेरे में

पुलिस ने गानों के निर्माण और प्रसारण से जुड़े संस्थानों व अकाउंट्स को भी जांच में शामिल किया है। सिद्धार्थ स्टूडियो, शंकराय स्टूडियो, कालिका स्टूडियो, कुंवर स्टूडियो, गंगा स्टूडियो और जागृति स्टूडियो समेत अन्य स्टूडियो के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। सोशल मीडिया निगरानी के दौरान ऐसे कई रील और वीडियो सामने आए, जिनमें विवादित गानों के साथ हथियारों का प्रदर्शन, धमकी और जातिगत दबदबा दिखाया जा रहा था। पुलिस ने आठ इंस्टाग्राम अकाउंट और 'जिद्दी बाय चंदन ऑफिशियल' नामक यूट्यूब चैनल के वीडियो को भी जांच के घेरे में लिया है।


निर्माण से प्रसारण तक हर भूमिका की जांच, युवाओं पर असर को लेकर पुलिस गंभीर

भोजपुर पुलिस का मानना है कि हिंसा, रंगदारी और जातिगत वर्चस्व दिखाने वाली सामग्री युवाओं पर नकारात्मक प्रभाव डालती है और इससे सामाजिक सौहार्द व कानून-व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। एसपी अवधेश दीक्षित ने बताया कि गानों को लिखने, गाने, रिकॉर्ड करने से लेकर सोशल मीडिया पर प्रसारित करने तक में शामिल लोगों की भूमिका की गहन जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।


आशीष की रिपोर्ट