भोजपुर में मद्यनिषेध विभाग की बड़ी कार्रवाई: स्कॉर्पियो से 311 लीटर विदेशी शराब जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार
Arrah : जिले में उत्पाद एवं मद्यनिषेध विभाग को अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मेहनिया-आरा हाईवे पर शिवपुर मोड़ के पास से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद की है। जानकारी के अनुसार, भोजपुर के जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया के निर्देश पर जिले में शराब तस्करों के खिलाफ लगातार छापेमारी और सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में सहायक आयुक्त मद्यनिषेध को सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश (UP) के रास्ते एक स्कॉर्पियो गाड़ी से विदेशी शराब की बड़ी खेप भोजपुर लाई जा रही है।
हाईवे पर नाकेबंदी कर पकड़ी गई बंगाल नंबर की स्कॉर्पियो, तहखाने से निकलीं बोतलें
प्राप्त इनपुट के आधार पर मद्यनिषेध निरीक्षक अनिल कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया और मेहनिया-आरा हाईवे पर नाकेबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की गई। इसी दौरान पुलिस को एक संदिग्ध स्कॉर्पियो आती दिखी। टीम ने जब गाड़ी को रोककर उसकी बारीकी से तलाशी ली, तो गाड़ी के भीतर छुपाकर रखी गई 8 PM Special Blended Scotch Whisky (180 एमएल) की कुल 1,728 बोतलें बरामद हुईं। मापे जाने पर जब्त की गई कुल शराब 311.040 लीटर पाई गई, जिस पर "For Sale in Uttar Pradesh Only" अंकित था।
जगदीशपुर के दो शातिर तस्कर गिरफ्तार, भेजे गए न्यायिक हिरासत में
शराब की इस बड़ी खेप के साथ मौके से पुलिस ने दो अंतरराज्यीय शराब तस्करों को भी दबोच लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धनजी चौधरी (वार्ड-08, थाना जगदीशपुर) और विक्की कुशवाहा (पिता- भिखारी सिंह, वार्ड-03, थाना जगदीशपुर) के रूप में की गई है। मद्यनिषेध कानून के तहत मामला दर्ज करने के बाद दोनों आरोपियों को आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इनसे पूछताछ कर इस सिंडिकेट के अन्य सदस्यों का पता लगाने में जुटी है।
जब्त शराब की कीमत करीब 4 लाख, तस्करों में मचा हड़कंप
उत्पाद विभाग के आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, बरामद की गई हाई-ब्रांड विदेशी शराब की अनुमानित बाजार कीमत करीब 4 लाख रुपये आंकी जा रही है। इतनी बड़ी खेप पकड़े जाने से क्षेत्र के शराब माफियाओं और तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है। पुलिस इस बात की भी तफ्तीश कर रही है कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद यह गाड़ी उत्तर प्रदेश की सीमा पार कर भोजपुर के इतने अंदर तक कैसे पहुंच गई और इसे बिहार में कहाँ खपाया जाना था।
मद्यनिषेध विभाग की चेतावनी— जारी रहेगा अभियान, बख्शे नहीं जाएंगे माफिया
सफल कार्रवाई के बाद उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने साफ कर दिया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में यह अभियान और अधिक कड़ा किया जाएगा। शराब के धंधे में संलिप्त छोटे-बड़े हर अपराधी और माफिया के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी ताकि सरकार के शराबबंदी कानून को पूरी तरह प्रभावी बनाया जा सके।
आशीष की रिपोर्ट