भोजपुर में मद्यनिषेध विभाग की बड़ी कार्रवाई: 14 चक्का ट्रक से 432 लीटर विदेशी शराब बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार
Arrah : बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत भोजपुर मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग की टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक 14 चक्का ट्रक से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब जब्त की है और मौके से ट्रक चालक को गिरफ्तार किया है।
गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई
जिला पदाधिकारी भोजपुर तनय सुल्तानिया के निर्देश पर जिले में लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मद्यनिषेध सहायक आयुक्त रजनीश को उत्तर प्रदेश से ट्रक के जरिए विदेशी शराब की बड़ी खेप बिहार लाए जाने की गुप्त सूचना मिली थी, जिसके बाद निरीक्षक अनिल कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
गिट्टी के नीचे छिपाकर लाई जा रही थी शराब
गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए 18 अगस्त 2026 को मोहनिया-आरा मुख्य मार्ग पर महुरही ओवरब्रिज के समीप (धनगाई थाना क्षेत्र) एक संदिग्ध 14 चक्का ट्रक (BR24GB-4581) को रोककर तलाशी ली। ट्रक की गहन जांच करने पर गिट्टी के नीचे छुपाकर रखी गई विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद की गई।
रोहतास निवासी चालक गिरफ्तार, 6 लाख मूल्य की शराब जब्त
मौके से गिरफ्तार ट्रक चालक की पहचान रोहतास जिले के चुटिया थाना अंतर्गत तिलोखर निवासी मनीष कुमार (पिता नागेश्वर राम) के रूप में हुई है। ट्रक से 8 PM व्हिस्की की 180 एमएल वाली कुल 2,400 बोतलें (432 लीटर) बरामद की गईं, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग ₹6 लाख बताई जा रही है।
शराब तस्करों पर कसा शिकंजा
इस छापेमारी दल में निरीक्षक अनिल कुमार, सहायक अवर निरीक्षक मदन लाल यादव, राणा विकास कुमार सहित सैप व होमगार्ड के जवान शामिल रहे। मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि उत्तर प्रदेश से शराब तस्करी करने वाले गिरोहों के खिलाफ जिले में यह सख्त अभियान लगातार जारी रहेगा।
आशीष की रिपोर्ट