कोईलवर थाना क्षेत्र में पुलिस और एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई: 19 हजार से अधिक जिंदा कारतूस के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, अवैध तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश

आरा पुलिस और एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई- फोटो : रिपोर्टर

Arrah : भोजपुर जिले के कोईलवर थाना क्षेत्र अंतर्गत कुल्हड़िया टोल प्लाजा के समीप पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने अवैध कारतूस तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। सोमवार सुबह की गई इस कार्रवाई में टीम ने घेराबंदी कर एक एसयूवी पर सवार तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान उनके पास से 7.65 एमएम के 19 हजार से अधिक जिंदा कारतूस और एक लोडेड पिस्टल बरामद की गई है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में दो मुजफ्फरपुर और एक सिवान जिले का निवासी है।


उत्तर प्रदेश से मुजफ्फरपुर और उत्तर बिहार में होनी थी आपूर्ति

पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि कारतूस की यह बड़ी खेप उत्तर प्रदेश से लाई जा रही थी और इसे मुजफ्फरपुर सहित उत्तर बिहार के विभिन्न इलाकों में खपाने की योजना थी। तस्करों की गतिविधियों की गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस और एसटीएफ की टीम रविवार से ही उन पर नजर बनाए हुए थी। रविवार रात तस्कर वाराणसी में रुके थे और सोमवार सुबह उनके बिहार की ओर रवाना होने की सूचना मिलते ही संयुक्त टीम ने पूर्वाह्न करीब दस बजे टोल प्लाजा के पास मोर्चाबंदी कर दी।


भागने के प्रयास में दो कारों को मारी टक्कर, पुलिस ने दबोचा

जैसे ही संदिग्ध एसयूवी कुल्हड़िया टोल प्लाजा के पास पहुंची, पुलिस ने उसे चारों तरफ से घेर लिया। खुद को घिरता देख एसयूवी सवारों ने भागने की कोशिश की और गाड़ी मोड़ने के क्रम में पीछे से आ रही एक कार को टक्कर मार दी। इसके बाद आगे निकलने के प्रयास में उन्होंने सामने से आ रही एक और कार को टक्कर मार दी, जिससे दोनों कारों का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, पुलिस ने त्वरित मुस्तैदी दिखाते हुए घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को धर दबोचा।


बिना मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के चल रहा था सिंडिकेट

सदर एसडीपीओ-2 ने जानकारी दी कि आरोपी काफी शातिर तरीके से अपनी गतिविधियां संचालित कर रहे थे। वे अपनी लोकेशन ट्रेस होने से बचाने के लिए मोबाइल फोन, जीपीएस या किसी भी अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण का इस्तेमाल नहीं कर रहे थे। तलाशी के दौरान एक आरोपी की कमर से एक लोडेड पिस्टल भी मिली। पूछताछ में तीनों ने इस अवैध कारोबार में अपनी पेशेवर संलिप्तता कबूल कर ली है।


एसटीएफ और केंद्रीय एजेंसियों की उच्चस्तरीय पूछताछ जारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए पटना से एसटीएफ के एसपी, डीएसपी और एमआईए (MIA) के अधिकारी सोमवार देर शाम कोईलवर थाना पहुंचे और गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की। फिलहाल पुलिस और एसटीएफ की टीमें आरोपियों के आपराधिक इतिहास को खंगालने के साथ-साथ इस तस्करी नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच कर रही हैं ताकि मुख्य सप्लायर तक पहुंचकर पूरे सिंडिकेट का सफाया किया जा सके।


आशीष की रिपोर्ट