Bihar road accident: बारात से लौट रही स्कॉर्पियो बनी काल, सड़क हादसा में मर्चेंट नेवी जवान की मौत, तीन गंभीर घायल

Bihar road accident:एक दर्दनाक सड़क हादसे में मर्चेंट नेवी के जवान की मौत हो गई, जबकि स्कॉर्पियो में सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।...

बारात से लौट रही स्कॉर्पियो बनी काल- फोटो : reporter

Bihar road accident: भोजपुर जिले के संदेश थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में मर्चेंट नेवी के जवान की मौत हो गई, जबकि स्कॉर्पियो में सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा रेपुरा गांव के पास उस वक्त हुआ जब बारात से लौट रही स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। मृतक की पहचान संदेश थाना क्षेत्र के रामगढ़ गांव निवासी मोहम्मद शाहबुद्दीन के 29 वर्षीय पुत्र मोहम्मद इज्जमामुल हक के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह मर्चेंट नेवी में कार्यरत था और महाराष्ट्र के मुम्बई में तैनात था। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

वहीं दुर्घटना में घायल लोगों में मोहम्मद समीर अंसारी समेत तीन लोग शामिल हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए संदेश रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

परिजनों के अनुसार, रामगढ़ गांव से बारात संदेश थाना क्षेत्र के चिल्होस गांव गई हुई थी। जयमाला और भोजन कार्यक्रम के बाद सभी लोग देर रात वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित हो गई और खाई में जा पलटी। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

मृतक के पिता मोहम्मद शाहबुद्दीन ने बताया कि उनका बेटा गांव के अन्य लोगों के साथ बारात में गया था। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेज दिया।

बताया जाता है कि मोहम्मद इज्जमामुल हक अपने तीन भाइयों में सबसे छोटा था। परिवार में मां हुस्न ए आरा और दो बड़े भाई हैं। हादसे की खबर मिलते ही पूरे गांव और मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और घर में कोहराम मचा हुआ है।

रिपोर्टर आशीष कुमार