Bihar News : भोजपुर में गैरेज मैकेनिक की बदमाशों ने की धारदार हथियार से हत्या, नहर किनारे मिला शव, इलाके में फैली सनसनी

Bihar News : भोजपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में अपराधियों ने 23 वर्षीय युवक की धारदार हथियार से बेरहमी से हत्या कर दी। नहर किनारे महुआ के पेड़ के पास शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।

मैकेनिक की हत्या - फोटो : ASHISH

ARA : भोजपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक 23 वर्षीय युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी। रविवार की सुबह ओम चिमनी भट्ठा के समीप नहर किनारे महुआ के पेड़ के पास उसका शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान पिपरहिया गांव निवासी संतोष कुमार (23 वर्ष), पिता बिंदा लाल यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक की गर्दन पर धारदार हथियार से वार किए जाने के दो निशान मिले हैं। इसके अलावा उसका एक कान कटा हुआ था और सीने पर भी जख्म के निशान पाए गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की।

शुक्रवार को काम पर निकला था युवक

परिजनों के अनुसार, संतोष कुमार आरा शहर के सपना सिनेमा मोड़ स्थित एक वाहन मरम्मत केंद्र में मैकेनिक का काम करता था। शुक्रवार को वह रोज की तरह घर से काम करने के लिए निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। शनिवार को भी रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश की गई। जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो शनिवार की शाम करीब पांच से छह बजे के बीच परिजनों ने मुफस्सिल थाने पहुंचकर उसकी गुमशुदगी का आवेदन दिया। इसी बीच रविवार की सुबह नहर किनारे एक युवक का शव मिलने की सूचना मिली। परिजन घटनास्थल पर पहुंचे तो शव की पहचान संतोष कुमार के रूप में की। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।

गैरेज में सहकर्मी से हुई थी कहासुनी

मृतक के भतीजे चंदन कुमार ने बताया कि संतोष स्वभाव से काफी सीधा-सादा था। गांव में किसी से उसका कोई विवाद नहीं था। हालांकि, एक-दो दिन पहले गैरेज में काम करने के दौरान किसी सहकर्मी के साथ उसकी कहासुनी हुई थी। परिजनों ने फिलहाल किसी पर हत्या का संदेह जाहिर नहीं किया है। उनका कहना है कि पुलिस जांच के बाद ही घटना की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।

परिवार का इकलौता बेटा था संतोष

संतोष अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी दो बहनें रेखा और पुष्प हैं। वहीं, उसकी पत्नी रेखा देवी और तीन छोटे बच्चे हैं, जिनमें एक बेटी राधा तथा दो बेटे शामिल हैं। परिवार की पूरी जिम्मेदारी संतोष के कंधों पर थी। उसकी असामयिक मौत से पत्नी, बच्चों और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस गैरेज में हुई कहासुनी सहित अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद से इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

आशीष की रिपोर्ट