Bihar News : बक्सर में चाकू के बल पर लूटपाट करने वाले गिरोह का पुलिस ने किया पर्दाफाश, मोबाइल के साथ चार शातिर अपराधियों को किया गिरफ्तार

Bihar News : पुलिस ने चाकू की नोंक पर राहगीरों से मोबाइल और नकदी लूटने वाले अंतरजिला गिरोह के चार सक्रिय सदस्यों को धर दबोचा है.....पढ़िए आगे

लूटेरा गिरोह का खुलासा - फोटो : SANDIP

ARA : अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस के बीच बक्सर पुलिस ने एक चर्चित लूटकांड का पर्दाफाश कर बड़ी सफलता हासिल की है। चाकू के बल पर राहगीर से मोबाइल और नकदी लूटने वाले गिरोह के चार सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लूटा गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, 27 जनवरी 2026 की शाम गिरिधर बरांव बाजार से अपने घर लौट रहे राहुल कुमार उर्फ राजू ठाकुर को अपराधियों ने रास्ते में घेर लिया था। विरोध करने पर चाकू दिखाकर उनसे मोबाइल फोन और नकद राशि छीन ली गई थी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। पीड़ित की शिकायत पर सोनवर्षा थाना में मामला दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने लगातार छापेमारी अभियान चलाया। आखिरकार पुलिस ने इस लूटकांड में शामिल चार आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार अपराधियों में तीन वयस्क और एक विधि-विरुद्ध बालक शामिल है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने लूट की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में से एक के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामला दर्ज है, जिससे उनके आपराधिक नेटवर्क के संकेत मिलते हैं।

इस कार्रवाई को जिले में अपराध नियंत्रण की दिशा में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। हाल के दिनों में सड़क पर होने वाली लूट और छिनतई की घटनाओं को लेकर लोगों में चिंता थी। ऐसे में पुलिस की यह कार्रवाई आम लोगों के बीच भरोसा बढ़ाने वाली मानी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

संदीप की रिपोर्ट