Bihar News : आरा में हेरोइन तस्करी का पुलिस ने किया भंडाफोड़, महिला समेत चार को किया गिरफ्तार, 2.98 लाख नकद बरामद
Bihar News : भोजपुर जिले में आरा के नवादा थाना क्षेत्र अंतर्गत बहिरो मोड़ स्थित सूर्य मंदिर के पास पुलिस ने छापेमारी कर एक महिला समेत चार कुख्यात आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
ARA : भोजपुर जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरा के नवादा थाना क्षेत्र अंतर्गत बहिरो मोड़, सूर्य मंदिर के पास से एक महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 1.036 किलोग्राम हेरोइन जैसा मादक पदार्थ, एक पीले रंग की सोने जैसी चेन, एक मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है। इस कार्रवाई के बाद मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े नेटवर्क का खुलासा होने की उम्मीद जताई जा रही है।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की छापेमारी
भोजपुर पुलिस की ओर से बताया गया की 26 अक्टूबर 2026 को नवादा थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बहिरो मोड़ स्थित सूर्य मंदिर के रास्ते एक व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ (हेरोइन) लेकर आने वाला है। सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक, भोजपुर के निर्देश पर सदर-01 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। मत्स्य विकास पदाधिकारी को दंडाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया। पुलिस टीम जब बताए गए स्थान पर पहुंची, तो कुछ देर बाद एक संदिग्ध व्यक्ति वहां आता दिखाई दिया। पुलिस बल को देखकर उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद उसकी विधिवत तलाशी ली गई।
1.036 किलोग्राम मादक पदार्थ समेत कई सामान बरामद
तलाशी के दौरान पुलिस ने 1.036 किलोग्राम हेरोइन जैसा मादक पदार्थ, करीब एक लीटर रासायनिक द्रव, एक मोबाइल फोन, पीले रंग की सोने जैसी चेन और नकदी बरामद की। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, बरामदगी सूची में नकदी की राशि 2,98,110 रुपये दर्ज है। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बीर बहादुर पासवान उर्फ बहादुर पासवान, संदीप पासवान, कमलेश पासवान और एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार बीर बहादुर पासवान का पूर्व से आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ आरा नवादा थाना और बिहिया थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत पूर्व के मामले दर्ज हैं।
तस्करी के नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
भोजपुर पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर अवैध मादक पदार्थों के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों, संपर्कों और इससे अर्जित संपत्ति की जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में आरा नवादा थाना कांड संख्या 804/2026, दिनांक 26 अक्टूबर 2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(C), 21(C), 25 एवं 29 में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। भोजपुर पुलिस का संदेश: अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान जारी है। पुलिस ने आम लोगों से भी ऐसी गतिविधियों की सूचना देने की अपील की है।
आशीष की रिपोर्ट